चुनाव से पहले दर्शन किए थे और अब चुनाव जीतने के बाद पहुंचे
अमर उजाला ब्यूरो
चंडीगढ़। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने सोमवार को गुवाहाटी के प्रतिष्ठित मां कामाख्या मंदिर में पूजा-अर्चना की। इस मौके पर उनके साथ उनकी पत्नी सुमन सैनी और भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मोहन लाल बड़ौली भी मौजूद रहे। मां के दर्शन करने के बाद सीएम सैनी ने कहा कि वह बहुत भाग्यशाली हैं कि उन्हें मां के दर्शन करने का सौभाग्य प्राप्त हुआ है। मां से हरियाणा के उज्ज्वल भविष्य और विकास की नई ऊंचाइयों को छूने की प्रार्थना की है।
सीएम ने कहा कि हरियाणा में चुनी गई नई सरकार गरीबों, किसानों, महिलाओं और युवाओं की सरकार है। उनके जीवन को बेहतर बनाने के लिए काम करेगी। पीएम मोदी के नेतृत्व में भाजपा सरकार ने पिछले दस वर्षों में बिना किसी भेदभाव से हरियाणा का समान रूप से विकास किया है। हम इस विकास को तेज गति से आगे बढ़ाएंगे। इस चुनाव में हमने जो भी संकल्प लिए थे, उन संकल्पों को तय समय में पूरा करेंगे। सीएम सैनी चुनाव से ठीक पहले अपने परिवारजनों के साथ मां कामाख्या के दर्शन करने पहुंचे थे और अब चुनाव जीतने के बाद पत्नी के साथ दर्शन किए।