सीएम मनोहर लाल सुबह सात बजे पीडब्ल्यूडी रेस्ट हाउस से बुलेट बाइक पर कर्ण स्टेडियम में पहुंचे। जैसे ही सीएम पहुंचा तो वहां खिलाड़ियों ने सीएम को कहा कि सर, स्टेडियम में सिंथेटिक ट्रैक का निर्माण कार्य चल रहा है, उनके पास अभ्यास करने के लिए कोई जगह नहीं हैं, मजबूर उन्हें सड़कों पर ही दौड़ना पड़ता है। इतना सुनते ही सीएम ने डीसी से पूछा तो डीसी डॉ. आदित्य दहिया बोले उन्होंने मधुबन स्टेडियम की व्यवस्था की हुई है।
सीएम ने कहा, वह तो बहुत दूर है, एनडीआरआई के स्टेडियम की व्यवस्था कराएं, ताकि खिलाड़ी वहां अभ्यास कर सकें। इस दौरान खिलाड़ियों ने फूल देकर सीएम का स्वागत भी किया। इससे पहले, सीएम ने कर्ण स्टेडियम में करीब 7 करोड़ रुपये की लागत से सिंथेटिक ट्रैक, फुटबॉल ग्राउंड और ग्राउंड में लगाई जाने वाली बरमुंडा घास के कार्य का निरीक्षण किया और अधिकारियों से चल रहे निर्माण कार्य के बारे में जानकारी ली।
उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए की स्टेडियम का कार्य निर्धारित समय से पहले पूरा हो, ताकि खिलाड़ियों को कोई दिक्कत न आये। सीएम के साथ बुलेट पर भाजपा जिला अध्यक्ष जगमोहन आनंद बैठे हुए थे और साथ में जिला प्रशासन था।
पानी की निकासी के बारे में ली सीएम ने जानकारी
सीएम ने स्टेडियम में होने वाले कार्य की ड्राइंग का अवलोकन किया और गहनता से पूछताछ की। मुख्यमंत्री ने पीडब्ल्यूडी के अधिकारी से पूछा कि स्टेडियम की पानी की निकासी के लिए पुख्ता प्रबंध किये गए है या नहीं ? इस पर अधीक्षक अभियंता ने कहा कि स्टेडियम की पानी की निकासी के लिए बेहतर प्रबंध किए गए हैं। आने वाले समय में स्टेडियम में जल भराव की कोई समस्या नहीं रहेगी। अधीक्षक अभियंता ने बताया कि मुख्यमंत्री के निर्देश पर स्टेडियम का कार्य नवंबर, 2018 में पूरा कर लिया जाएगा। यह निर्माण कार्य शिवचरण स्पोर्ट्स कंपनी द्वारा किया जा रहा है।
स्टेडियम में सीएम ने मंजूर किया स्केटिंग हॉल
स्टेडियम में सीएम के दौरे के दौरान खिलाड़ियों ने एक मत से कहा कि सर, स्टेडियम में स्केटिंग हाल काफी पुराना हो गया है, खिलाड़ियों को काफी परेशानी हो रही है। सीएम ने खिलाड़ियों की बात को सुनते ही वहां उपस्थित जिला खेल अधिकारी से पूछा कि स्केटिंग हाल में कितना खर्च आएगा? उन्होंने कहा कि करीब 15 से 20 लाख रुपये तो सीएम ने डीसी को निर्देश दिए कि स्टेडियम में खिलाड़ियों की सुविधा के लिए स्केटिंग हॉल भी बनाया जाए।
स्टेडियम में शौचालय व चेजिंग रूम बहुत जरूरी हैं : सीएम
कर्ण स्टेडियम में खिलाड़ियों के लिए शौचालय बने हुए हैं, लेकिन वे खस्ता हालत में है और लड़कियों के लिए कोई चेंजिंग रूम भी नहीं है। इस समस्या को गंभीरता से लेते हुए सीएम ने डीसी को निर्देश दिए कि शौचालय और चेंजिंग रूम तो होने चाहिए। जल्द ही इनका निर्माण कार्य शुरू किया जाए, ताकि मरीजों को किसी प्रकार की परेशानी न हो।