भगवंत मान मुख्यमंत्री पंजाब और नरेंद्र मोदी प्रधानमंत्री
- फोटो : सोशल मीडिया
पंजाब इन दिनों भयंकर बाढ़ की चपेट में है। हिमाचल प्रदेश और जम्मू-कश्मीर में भारी बारिश के कारण सतलुज, ब्यास, रावी नदी और अन्य मौसमी नालों में उफान का असर पंजाब में देखने को मिल रहा है। इसको लेकर पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को पत्र लिखकर मदद की अपील की है।
सात जिलों में हालात खराब
सीएम मान ने अपने पत्र में लिखा कि पंजाब इस समय भीषण बाढ़ आपदा से जूझ रहा है, जिससे करीब एक हजार गांव और लाखों लोग प्रभावित हुए हैं। भारी मानसून बारिश और बांधों से पानी छोड़े जाने के कारण सात जिलों गुरदासपुर, कपूरथला, अमृतसर, पठानकोट, फिरोजपुर, फाजिल्का और होशियारपुर में व्यापक बाढ़ आई है। आने वाले दिनों में हालात और बिगड़ने की संभावना है। वर्तमान में करीब तीन लाख एकड़ कृषि भूमि, मुख्य रूप से धान के खेत, बाढ़ के पानी में डूब गए हैं जिसके कारण फसल कटाई से कुछ हफ्ते पहले ही भारी नुकसान हुआ है। इसके अलावा, पशुधन की व्यापक हानि हुई है, जो ग्रामीण परिवारों की आजीविका को प्रभावित कर रही है।