पठानकोट पहुंचे मुख्यमंत्री चरणजीत सिंह चन्नी ने विरोधी दलों पर तंज कसा और कहा कि कांग्रेस की रैलियों में लोग ढोल नगाड़े लेकर ऐसे पहुंचते हैं जैसे शादी में आए हों। वहीं आम आदमी पार्टी, अकाली दल और भाजपा की रैलियों में ऐसा लगता है जैसे किसी का भोग हो। मुख्यमंत्री ने कहा कि पंजाब भर की रैलियों में लोगों का उत्साह देखने को मिल रहा है। जितना मर्जी बड़ा पंडाल लगाओ जगह कम पड़ जाती है।
मुख्यमंत्री पठानकोट विधायक अमित विज की ओर से ट्रक यूनियन में आयोजित रैली में पहुंचे थे। उनके साथ कैबिनेट मंत्री अरुणा चौधरी भी रैली में पहुंचीं। सीएम चन्नी ने कहा कि केजरीवाल पंजाब में सस्ता पेट्रोल, मुफ्त बिजली के झूठे दावे कर रहे हैं। केजरीवाल को चाहिए कि वह पहले दिल्ली में पेट्रोल के रेट को कम करें।
मुख्यमंत्री ने कहा कि टैक्स, मंहगा डीजल पेट्रोल, बिजली बिल, पानी सीवरेज के बिल के साथ कई प्रकार के बोझ पंजाब की जनता पर थे। लोगों की चादर छोटी थी और पैर बाहर निकल रहे थे। सीएम ने कहा कि उन्होंने खुद ऐसी मुसीबत झेली हैं। इसी वजह से राहत देने के लिए कई फैसले लिए गए। मुख्यमंत्री ने विधायक अमित की तारीफ भी की। उन्होंने कहा कि लाखों रुपये पैकेज की नौकरी छोड़कर अमित विज राजनीति में आ गए। पहली बार टिकट दी तो मुझे गलत लगा था। अब महसूस हो रहा है कि इनमें जनता की सेवा करने का जज्बा है।
बादल और कैप्टन में अमीरी की सांझ
मुख्यमंत्री ने कहा कि बादल और कैप्टन के परिवार में अमीरी की सांझ है। सब आपस में मिले हुए हैं। पैसे ने इन्हे एक दूसरे से मिलने को मजबूर कर दिया। अब मिडिल क्लास लोगों की सरकार है। अब सभी मिडिल क्लास और गरीबों को एकजुट होना चाहिए। हम सब एकजुट होकर ही आगे बढ़ सकते हैं। सीएम चन्नी ने कहा कि मैं भी अपकी तरह आम नागरिक हूं। पंजाब का हर व्यक्ति खुद को मुख्यमंत्री समझे और अपनी ही सरकार समझे। उन्होंने कहा कि जिसकी कोई सिफारिश नहीं, उसकी सिफारिश खुद चन्नी है।