इस घटना के वायरल हुए वीडियो में साफ नजर आ रहा है कि दिल्ली पुलिस किस तरह से गुरु सिख पिता-पुत्र से मारपीट कर दस्तार व केसों की बेअदबी कर रही है। उन्होंने चेतावनी दी कि अगर इस मामले में दोषी अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई और केस दर्ज करने में देरी की गई, तो दिल्ली के साथ-साथ हरियाणा, पंजाब, उत्तर प्रदेश, उत्तरांचल आदि राज्यों में आंदोलन चलाया जाएगा, जिसकी जिम्मेदारी केंद्र सरकार की होगी।
दूसरी ओर एसजीपीसी की पूर्व सदस्या बीबी करतार कौर, बुद्धिजीवी प्रकोष्ठ के प्रदेशाध्यक्ष प्रो.आरएस भट्टी, प्रदेश महासचिव जसपाल सिंह शाहाबाद, जिला प्रधान जरनैल सिंह बोढी, बीसी सेल के जिला प्रधान प्रीतम सिंह शिंगारी, तजिंदर सिंह मक्कड़ सहित अन्य पदाधिकारियों ने भी इस घटना पर रोष जताया है।
पंजाब के मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह से ट्वीट कर सरबजीत और उसके बेटे बलवंत सिंह को निर्दयता से मारपीट के मामले में गृहमंत्री अमित शाह से इस मामले में दखल देने की गुहार लगाई है। उन्होंने दोनों को न्याय दिलाने की अपील की।
दोषी पुलिस मुलाजिम बर्खास्त किए जाएं : आप
आम आदमी पार्टी मुख्यालय से पार्टी के वरिष्ठ नेता व विधायक कुलतार सिंह संधवां, प्रो. बलजिंदर कौर, कुलवंत सिंह पंडोरी, किशन सिंह रोड़ी और मनजीत सिंह बिलासपुर ने केंद्र सरकार से दोषी पुलिस अधिकारियों-कर्मचारियों को तुरंत बर्खास्त कर उन पर फौजदारी मुकदमा दर्ज करने की मांग की।
पुलिस कर्मचारियों की कार्रवाई निंदनीय है। अल्पसंख्यक सिखों के साथ ऐसा अन्याय करना देश के माथे पर कलंक है। दोषी पुलिस कर्मचारियों को सख्त सजाएं मिलनी चाहिए। केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह देश में अल्पसंख्यकों पर होने वाले इस तरह के हमलों को रोकने के लिए ठोस कदम उठाएं। - गोबिंद सिंह लौंगोवाल, अध्यक्ष, शिरोमणि गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी
दिल्ली के मुखर्जी नगर इलाके में रविवार रात पुलिस की इमरजेंसी रिस्पांस व्हीकल (ईआरवी) और ऑटो में टक्कर हो गई। इस पर ऑटो चालक व पुलिसकर्मियों में कहासुनी होने लगी। ऑटो चालक ने एएसआई पर तलवार से हमला कर दिया।
इसके बाद पुलिसकर्मियों ने ऑटो चालक व बेटे की बीच सड़क डंडों से पिटाई कर दी। घटना का वीडियो भी वायरल हो गया। अब इस मामले में कार्रवाई करते हुए दिल्ली पुलिस ने तीन आरोपी पुलिसवालों को सस्पेंड कर दिया है।
वहीं खबर ये भी है कि मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल पीड़ित ऑटो ड्राइवर से मिले। उन्होंने कहा, मुखर्जी नगर में दिल्ली पुलिस द्वारा की गई बर्बरता बेहद निंदनीय और अन्यायपूर्ण है।
मैं मांग करता हूं कि इस मामले की निष्पक्ष जांच हो और आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई हो। नागरिकों की सुरक्षा करने वालों को हिंसक भीड़ में तब्दील होने की अनुमति नहीं दी जा सकती। उन्होंने कहा कि मैं एलजी साहब, गृहमंत्री साहब और दिल्ली पुलिस से कड़ी कार्रवाई की मांग करता हूं।