राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) के सह सरसंघ चालक रिटायर्ड ब्रिगेडियर जगदीश गगनेजा की सेहत का हाल जानने सोमवार को मुख्यमंत्री प्रकाश सिंह बादल और उप मुख्यमंत्री सुखबीर बादल ने डीएमसी हीरो हार्ट इंस्टीट्यूट का दौरा किया। सीएम और डिप्टी सीएम ने डॉक्टरों और गगनेजा के परिजनों से बात की।
सीएम प्रकाश सिंह बादल ने डीएमसी में गगनेजा की सेहत का हाल जानने के बाद पत्रकारों से बातचीत में इस घटना की कड़ी निंदा की। उन्होंने साफ किया कि किसी भी हाल में पंजाब की शांति भंग नहीं होने दी जाएगी। बादल ने कहा कि उन्हें वारदात के दो-तीन मिनट के भीतर ही इसका पता चल गया था और उन्होंने तुरंत लुधियाना के डीसी से बातचीत करके डीएमसी अस्पताल के माहिर डॉक्टरों को जालंधर भेज दिया था।
बादल ने कहा कि इस घटना के पीछे उन विदेशी ताकतों का हाथ है जो पंजाब की अमन शांति और भाईचारे को तोड़ना चाहते हैं। बाकी जांच में सब सामने आ जाएगा। इसलिए ज्यादा कुछ कहना अभी उचित नहीं है। सीएम ने कहा कि इस वक्त सभी दलों को राजनीति करने के बजाय असामाजिक ताकतों के खिलाफ एकजुटता दिखानी चाहिए। उन्होंने कहा कि कट्टरवादी सोच के लोग सूबे को अस्थिर करने का प्रयास कर रहे हैं।
मामले की जांच के लिए दस टीमों का गठन किया गया है।
rss leader attack case
- फोटो : amar ujala
सीएम ने इस घटना के पीछे विदेशी ताकतों का हाथ होने की आशंका जताई, जबकि डिप्टी सीएम ने कहा कि इस मामले की जांच के लिए दस टीमों का गठन किया गया है। शीघ्र ही आरोपियों को काबू कर लिया जाएगा। डिप्टी सीएम सुखबीर सिंह बादल ने कहा कि दस विशेष टीमें इस घटना की विभिन्न थ्योरियों और एंगल पर जांच कर रही हैं। शीघ्र ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा। सुखबीर ने इस घटना की कड़ी निंदा की।
सोमवार को पूरे दिन गगनेजा का हाल जानने वालों का तांता लगा रहा। विश्व हिंदू परिषद के अंतरराष्ट्रीय संगठन महामंत्री दिनेश, पूर्व प्रांत प्रचारक किशोर कांत, फूल चंद जैन के अलावा सिंचाई मंत्री शरणजीत सिंह ढिल्लों, डीजीपी सुरेश अरोड़ा, पूर्व भाजपा प्रधान कमल शर्मा, सीएम के राजनीतिक सलाहकार महेश इंद्र सिंह गरेवाल, भाजपा के वरिष्ठ नेता मनोरंजन कालिया और अनिल सरीन समेत कई नेताओं ने गगनेजा का हाल जाना।