बठिंडा देहाती क्षेत्र में बुधवार को मुख्यमंत्री प्रकाश सिंह बादल की ओर से संगत दर्शन किए गए। इस दौरान उन्होंने कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष कैप्टन अमरिंदर सिंह को ललकारते हुए कहा कि वे अपने भविष्य के नौ सूत्री एजेंडे के बजाय अपनी पिछली सरकार की एक भी प्राप्ति लोगों के सामने रखें। इसके अलावा आप पर निशाना साधते हुए बादल ने कहा कि लंबी में वह केजरीवाल की किसी भी तोप का सामना करने को तैयार हैं।
संगत दर्शन के बाद पत्रकारों से बातचीत के दौरान मुख्यमंत्री ने कहा कि कैप्टन अमरिंदर सिंह के राज के समय पंजाब में एक भी महत्वपूर्ण कार्य नहीं हुआ। कैप्टन बेबुनियाद शिकायतें चुनाव कमीशन के पास कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि गठजोड़ के हक में लोग लहर से घबराकर कैप्टन की ओर से ऐसी शिकायतें की जा रही हैं। उन्होंने कहा कि गठजोड़ लगातार तीसरी बार पंजाब में सरकार बनाएगा।
'कैप्टन चुनाव कमीशन के पास कर रहे बेबुनियाद शिकायतें'
बठिंडा में बोले सीएम बादल
- फोटो : अमर उजाला
मुख्यमंत्री बादल ने कहा कि पंजाब के लोगों से हिमायत मांगने से पहले दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल यह स्पष्ट करें कि उनकी सरकार ने एसवाईएल पर पंजाब विरोधी स्टैंड क्यों लिया। उन्होंने कहा कि हरियाणा केजरीवाल का गृह प्रदेश है और अपने सूबे को लाभ पहुंचाने के लिए उन्होंने पंजाब के हित दांव पर लगा दिए। लेकिन पंजाब के लोग यह कभी भी बर्दाश्त नहीं करेंगे। उन्होेंने कहा कि दिल्ली के मुख्यमंत्री और आप दोनों ही पंजाब विरोधी हैं।
इससे पहले संगत मंडी, कोटशमीर, बल्लूआणा में संगत दर्शन समागमों को संबोधित करते बादल ने कहा कि विचारधारा से रहित इन पार्टियों से किसी के भी भले की आस नहीं की जा सकती। उन्होंनेे लोगों को सुचेत किया कि अगर गलती से भी यह पार्टियां पंजाब की सत्ता पर काबिज हो गई तो यह पंजाब के लिए बहुत बूरा होगा। उन्होंनेे कहा कि केजरीवाल पंजाब के हालातों से पूरी तरह अनजान हैं और उन्हें गेहूं और धान के फर्क तक का पता नहीं है। उन्होंनेे कहा कि केजरीवाल न तो पंजाब के इतिहास और न ही सियासत के बारे में जानते हैं।
मुख्यमंत्री प्रकाश सिंह बादल ने अपनी सरकार की प्राप्तियों के बारे में बताते हुए कहा कि अकाली-भाजपा सरकार ने बीते दस सालों में 5000 करोड़ की लागत के साथ किसानों को निशुल्क बिजली दी है। इस मौके पर उनके साथ अकाली दल के बठिंडा देहाती से उम्मीदवार अमृत रत्न कोटफत्ता के अलावा अन्य अकाली नेता व जिला प्रशासन के अधिकारी उपस्थित थे।