पंजाब के मुख्यमंत्री प्रकाश सिंह बादल ने शुक्रवार को फाजिल्का जिले में गांव चांदीपुर के समीप सड़क हादसे में 12 अध्यापकों और दुर्घटनाग्रस्त वाहन के ड्राइवर के निधन पर गहरा दुख व्यक्त किया है।
एक शोक संदेश में मुख्यमंत्री ने कहा कि इस सड़क हादसे के बारे में सुनकर उन्हें बहुत दुख पहुंचा, जिसने हमारे 12 अध्यापकों की कीमती जानें छीन लीं। घटना को राज्य के लिए बड़ी क्षति बताते हुए बादल ने कहा कि अध्यापक सच्चा मार्गदर्शक होने के साथ-साथ हमारी भविष्य की पीढ़ी का भाग्य बनाने वाला होता है। उन्होंने दुर्घटनाग्रस्त वाहन के ड्राइवर के परिवार के साथ सहानुभूति जाहिर की, जो इन अध्यापकों का अपनी मंजिल पर ले जा रहा था।
गम में डूबे परिवारों के सदस्यों के साथ गहरा दुख सांझा करते मुख्यमंत्री ने ईश्वर के समक्ष अरदास की कि वह दिवंगत आत्माओं को अपने चरणों में निवास दें और यह दुख झेलने का बल बख्शे। इस दौरान मुख्यमंत्री ने फाजिल्का जिला प्रशासन को निर्देश दिये कि संकट की इस घड़ी में पीड़ित परिवारों को पूर्ण सहयोग व मदद देने के अतिरिक्त इस हादसे में घायल हुए एक व्यक्ति को उपचार मुहैया करवाया जाए।