मुख्यमंत्री प्रकाश सिंह बादल ने कहा कि अकाली-भाजपा गठबंधन चट्टान की तरह मजबूत है और यह उनकी अंतिम सांस तक कायम रहेगा। वे फगवाड़ा में आयोजित इंडियन मेडिकल एसोसिएशन की दो दिवसीय वार्षिक कांफ्रेंस के उद्घाटन समारोह के बाद पत्रकारों से बातचीत कर रहे थे।
बादल ने कहा कि यह सिर्फ राजसी गठबंधन ही नहीं है, यह सिद्धांतों पर आधारित है। इस दौरान बादल ने आम आदमी पार्टी को भगौड़ों की पार्टी बताया। कुछ नेताओं के दूसरी पार्टियों में शामिल होने के सवाल पर उन्होंने कहा कि वह नेता ही सफल हो सकता है जो अपनी पार्टी और विचारधारा के साथ खड़ा रहता है।
पंजाब में आप का आमद नई बहू की तरह है जिसका लोग चाव कर रहे हैं। यह खुमार जल्दी ही उतर जाएगा। यह एक बुलबुला है जो अपने भार से ही बैठ जाएगा। डॉ. जीएस ग्रेवाल को पीएमसी के अध्यक्ष पद से हटाए जाने के पीछे मंत्री जोशी और गरेवाल के बीच विवाद की बात पर बादल ने कहा कि वह इस मामले की जांच करवाएंगे।
सीएम ने केंद्रीय गृह मंत्री राजनाथ सिंह से दखल देकर पंजाब सीमा पर सुरक्षा बढ़ाए जाने की मांग की और कहा कि इससे सीमा पार आतंकी हमले/प्रवेश पर रोक लगाई जा सकेगी। उन्होंने इस संबंध में पत्र लिखे जाने की बात भी कही है।
उन्होंने कहा कि पंजाब सीमा को भी जम्मू-कश्मीर की तर्ज पर लिया जाना चाहिए और सुरक्षा प्रबंधों की विवेचना की जानी चाहिए। भारत पाक की बीच सचिव स्तरीय बातचीत रद्द किए जाने पर बादल ने कहा कि बातचीत जारी रहनी चाहिए, लेकिन ईमानदारी और गंभीरता दोनों तरफ से बनी रहे।
आईएमए की कांफ्रेंस में सीएम ने लोगों को बेहतर चिकित्सा सुविधाएं मुहैया करवाने के लिए इंडियन मेडिकल एसोसिएशन और राज्य के स्वास्थ्य विभाग को उनकी अध्यक्षता में एक तालमेल कमेटी घटित करने के लिए कहा है। बादल ने कहा कि यह कमेटी वाजिब दरों पर लोगों को बेहतर इलाज मुहैया करवाने के लिए राज्य सरकार को सुझाव देगी।
उन्होंने कहा कि आईएमए की पंजाब इकाई इस कमेटी के लिए उन डॉक्टरों के नामों की सिफारिश करेगी जिन्होंने चिकित्सा क्षेत्र में अपनी शानदार सेवाएं दी हैं। उन्होंने 15 अगस्त और 26 जनवरी को विभिन्न क्षेत्रों में बेहतर कारगुजारी करने वाले लोगों को सम्मानित करने की तरह इस बार से बढ़िया सेवाएं निभाने वाले चिकित्सकों को भी सम्मानित करने का एलान किया।
उन्होंने अस्पतालों में लोगों को विशेषज्ञ चिकित्सकों की सेवाएं मुहैया करवाने के लिए स्वास्थ्य विभाग द्वारा आईएमए के साथ एक समझौता करने का भी एलान किया। बादल ने कहा कि चिकित्सा शिक्षार्थियों की छात्रवृत्ति 4500 से बढ़ाकर 9000 रुपये और हाउस सर्जन का मानदेय 4800 से बढ़ाकर 21 हजार रुपये प्रति माह कर दिया गया है।
इंडियन मेडिकल एसोसिएशन की पंजाब इकाई के प्रधान डॉ. एसपी एस सूच्च ने मुख्यमंत्री का धन्यवाद किया। इस दौरान सीपीएस सोम प्रकाश, मार्कफैड के चेयरमैन जरनैल सिंह वाहद, कपूरथला के डिप्टी कमिश्नर डीएस मांगट, आईएमए के राष्ट्रीय सचिव डॉ. केके अग्रवाल और राष्ट्रीय उपप्रधान ओपीएस कांडे शामिल थे।