चंडीगढ़। सेक्टर-7 स्थित मकान नंबर 1915 में रहने वाले इनकम टैक्स डिपार्टमेंट के क्लर्क ने रविवार दोपहर कमरे में फंदा लगाकर जान दे दी। पत्नी की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को नीचे उतारकर सेक्टर-16 स्थित अस्पताल ले गई। जहां डाक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मृतक की पहचान मलखान सिंह (40) के रूप में हुई है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम हाउस में रखवा दिया है। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया जाएगा।
पुलिस के अनुसार, मलखान सिंह अपने परिवार के साथ सेक्टर-7 में रहते थे। इनकम टैक्स डिपार्टमेंट में क्लर्क के पद पर तैनात मलखान सिंह के एक बेटा और एक बेटी है। सुबह मलखान की पत्नी दोनों बच्चों के साथ नाडा साहिब गए थे। वहां से लौटकर वह दोनों बच्चों को कोचिंग के लिए लेकर चली गईं और जब लौटीं तो घर का दरवाजा बंद था। काफी देर तक घंटी बजाने पर दरवाजा नहीं खुला तो आसपास के लोगों को बुलाया। दरवाजा तोड़कर अंदर देखा तो मलखान ने पंखे से फंदा लगा लिया था। फिलहाल फंदा लगाने का कारण पता नहीं चला है। सेक्टर-26 थाना पुलिस मामले की जांच में जुटी है।