चंडीगढ़। नगर निगम कमिश्नर और मेयर के आश्वासन के बाद सफाई कर्मचारियों ने मंगलवार को काम संभाल लिया। इसके साथ ही शहर के दक्षिणी सेक्टरों (31 से 56, 61 और 63) में जीआईएस आधारित मैकेनाइज्ड और मैनुअल सफाई व्यवस्था पर गहराया संकट फिलहाल टल गया है।
इन सेक्टरों में सफाई का काम देख रही लायंस सर्विसेज लिमिटेड को दी गई एक महीने की एक्सटेंशन समाप्त होने के बाद सफाई कर्मचारियों की नौकरी पर खतरा मंडराने लगा था। ऐसे में कांट्रैक्ट सफाई कर्मचारी यूनियन, एमसी चंडीगढ़ के प्रधान विनोद चड्ढा ने बताया कि उन्होंने मेयर और नगर निगम कमिश्नर से मिलकर अपनी बात रखी।
मेयर और कमिश्नर की ओर से आश्वासन मिलने के बाद सफाई कर्मचारियों ने दोबारा काम शुरू कर दिया। विनोद चड्ढा ने कहा कि सभी सफाई कर्मचारियों को स्पिक के माध्यम से वेतन मिलेगा।