चंडीगढ़। शहर में मंगलवार को पहली काउंसलिंग के दाखिले खत्म होने के साथ ही ग्यारहवीं की कक्षाओं की शुरुआत की गई। ग्यारहवीं की फीस जमा करवाने में ऑनलाइन पोर्टल में आई समस्या के बाद मंगलवार को अभिभावकों को एक दिन का और मौका दिया गया था। इसके बावजूद स्कूलों में मंगलवार को लगभग 70 से 80 प्रतिशत के बीच विद्यार्थी पहले दिन कक्षाएं लगाने के लिए पहुंचे।
स्कूलों से मिली जानकारी के अनुसार स्कूलों में मंगलवार को भी अभिभावक फीस की कन्फर्मेशन के लिए आते रहे इसलिए कक्षाओं में सभी विद्यार्थी उपस्थित नहीं रहे। विभाग की ओर से छात्रों को फीस जमा करवाने के लिए एक दिन की रियायत देने के बावजूद कक्षाएं शुरू कर ली गई हैं। पहले दिन बच्चों की आपस में जान-पहचान करवाई गई और शिक्षकों की ओर से उनके कोर्स के विषयों और स्कूल की गतिविधियों के बारे में जानकारी दी गई। एक-दो दिन में स्कूलों की ओर से ग्यारहवीं कक्षा का पाठ्यक्रम शुरू करवाया जाएगा।
इस हफ्ते के अंत में होगी ग्यारहवीं की दूसरी काउंसलिग
शिक्षा विभाग के निदेशक हरसुहिंदर पाल सिंह बराड़ ने बताया कि चार-पांच दिन ग्यारहवीं की स्कूलों में कक्षाएं आयोजित की जाएंगी जिससे स्कूल छोड़ने वाले बच्चों का अंदाजा लग जाए। इसके बाद खाली सीटों पर दूसरी काउंसलिंग का आयोजन करवाया जाएगा। जानकारी के अनुसार इस बार दो या तीन काउंसलिंग से अधिक नहीं होगी और न ही सीटों में इजाफा किया जाएगा। क्योंकि विभाग के पास शिक्षकों के साथ साथ इंफ्रास्ट्रक्चर की भी व्यवस्था नहीं है। ऐसे में अधिक छात्र भर्ती करने पर स्कूलों पर बोझ बढ़ेगा।