मिर्चपुर प्रकरण में पुलिस ने वीरवार को चार आरोपी युवकों को गिरफ्तार कर लिया। आरोपियों को शुक्रवार को अदालत में पेश किया जाएगा। इस मामले में तीन युवक पहले गिरफ्तार हो चुके हैं। अब तक कुल सात लोगों की गिरफ्तारी हो गई है।
गांव मिर्चपुर में 30 जनवरी को खेल के समय मारपीट कर दलित समुदाय के 9 युवकों को घायल करने के मामले में पुलिस ने शुक्रवार को चार अन्य आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। गांव मिर्चपुर निवासी विकास, राजीव, गौरव व विश्व को गिरफ्तार किया है। इन सभी आरोपियों को शुक्रवार को अदालत में पेश किया जाएगा। इस मामले में पुलिस ने तीन युवकों को मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया था।
पुलिस की ओर से इस मामले की रिपोर्ट प्रदेश सरकार को भी भेजी गई है। इसके अलावा अनुसूचित जाति आयोग को भी पूरी घटना की जानकारी दी गई है। पुलिस अधीक्षक राजेंद्र कुमार मीणा ने कहा कि मिर्चपुर मामले में पूरी निष्पक्ष जांच की जाएगी। किसी भी निर्दोष को गिरफ्तार नहीं करेंगे। डीसी निखिल गजराज के साथ गांव जाकर लोगों के साथ इस मुद्दे पर बातचीत भी की थी, जिसमें हमने निष्पक्ष जांच का भरोसा दिलाया। गांव में पुलिस बल तैनात किया गया है।
मिर्चपुर में लगाएंगे सीसीटीवी
एसपी राजेंद्र कुमार मीणा ने बताया कि गांव में सार्वजनिक स्थानों, पुलिस नाकों पर सीसीटीवी लगाने का प्रस्ताव है। इस बारे में प्रशासनिक अधिकारियों से बातचीत की जा रही है। संवेदनशीलता के कारण यह फैसला लिया गया है।