डीएसपी बता पुलिस कर्मी को थप्पड़ जड़ा
- फोटो : अमर उजाला
नीली बत्ती वाली गाड़ी में जा रहे चार लोगों को जब चेकिंग के दौरान पुलिस ने रोका तो एक ने खुद को डीएसपी बताते पीसीआर पुलिस कर्मी गुरतेज सिंह को थप्पड़ जड़ दिया। इसके बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने आरोपी से डीएसपी होने संबंधी सबूत मांगा तो वह पुलिस से बहस करने लगा।
इस पर पुलिस ने आरोपी नविंदर सिंह पर तो थाना कैंट में मामला दर्ज कर लिया। वहीं जिस नीली बत्ती वाली गाड़ी में वह अपने साथियों संग सवार था, उसके बारे में पुलिस ने कोई जांच किए बिना ही चालान काट छोड़ दिया।
पीसीआर पुलिस कर्मी गुरतेज सिंह अपने साथी कर्मियों के साथ शुक्रवार रात को बीबी वाला चौक पर ड्यूटी पर तैनात था। इस दौरान सफेद रंग की एक नीली बत्ती वाली एक लग्जरी गाड़ी में सवार चार लोग हुड़दंग मचा रहे थे। इसे देखकर पुलिस ने उक्त गाड़ी को चेकिंग के लिए रोका तोे ड्राइवर सीट के साथ वाली सीट पर बैठा नविंदर सिंह गाड़ी से उतरते ही सिपाही गुरतेज सिंह को बोला कि ओए तूं मेरी गाड़ी किवें रोकी आ मैं डीएसपी हां सिपाही कुछ आगे बोल पाता कि उसने सिपाही को थप्पड़ जड़ दिया।