हरियाणा अर्बन डेवलपमेंट अथॉरिटी (हुडा) अब पंचकूला की खूबसूरती में चार चांद लगाने की तैयारी में है। इसके लिए सिटी सेंटर का प्लान तैयार कर लिया गया है। हुडा यह सेंटर पंचकूला एक्सटेंशन पार्ट-2 में डेवलप करेगा। इस सिटी सेंटर के लिए देश-विदेश के शॉपिंग कांप्लेक्स का अध्ययन किया गया है।
हुडा की योजना है कि इस सेंटर को हॉट टूरिस्ट स्पॉट के तौर पर डेवलप किया जाए। सिटी सेंटर में फव्वारे, खूबसूरत शापिंग कांप्लेक्स होंगे। हुडा प्रशासक और स्क्रीनिंग कमेटी इसके लिए सर्वे शुरू कर दिया है। पंचकूला एक्सटेंशन पार्ट-2 कोट-बिल्ला अलीपुर अर्बन कांप्लेक्स के दो अलग-अलग नाम से डेवलप किया जाएगा।
इस योजना के पहले फेज में सेक्टर-12 के लिए अलीपुर और 13ए के लिए खंगेसरा गांव की करीब 225 एकड़ जमीन शामिल की गई है। सेक्टर-14 के दायरे में कोट गांव की करीब 350 एकड़ जमीन एक्वायर करने की योजना है। पंचकूला एक्सटेंशन पार्ट 2 में कुल 24 सेक्टर होंगे। हुडा के एक अधिकारी ने बताया कि नेशनल हाईवे-7 पर रामगढ़ से बरवाला के बीच लगभग सात हजार एकड़ में ‘पंचकूला एक्सटेंशन पार्ट-2 को डेवलप किया जाएगा।
चंडीगढ़ सेक्टर-17 की तर्ज पर बनेगा
पंचकूला एक्सटेंशन पार्ट-2 में सेक्टर-17 को चंडीगढ़ के सेक्टर-17 की तर्ज पर सिटी सेंटर बनाया जाएगा। इसमें मुख्य रूप से कॉमर्शियल एक्टीविटी होंगी। हुडा के अधिकारियों की इस बारे में मीटिंग की गई है। यहां की सभी बिल्डिंग्स, शोरूम सहित अन्य प्लानिंग चंडीगढ़ के सेक्टर-17 की तरह होंगी। बता दें कि हुडा यहां एससीओ और बूथ तैयार करेगा और इन्हें ऑक्शन करके बेचा जाएगा।
यह है एक्सटेंशन प्लान
हाईजोन प्लान में शामिल जमीन को पांच जोन में बांटा गया है। इन जोनों में हायर जोन से लेकर लोअर जोन शामिल हैं। इस प्रोजेक्ट में आने वाली अब तक की तीन कंपनियों ने हायर जोन में ही दिलचस्पी दिखाई है। इसके अलावा सेक्टर 4, 6, 7, 12, 13, 14, 15, 16, 19, 20, 21, 22, 24 को रिहायशी, सेक्टर 1, 2, 3, 9 (आईटी), 10, 11 और 13 (आंशिक) इंडस्ट्रियल, सेक्टर-17 सिटी सेंटर और सेक्टर- 18 में पब्लिक/सेमिपब्लिक इंस्टीट्यूशंस के लिए बनाया गया है। सेक्टर-23 में सीवरेज या वॉटर ट्रीटमेंट प्लांट जैसे बड़े प्रोजेक्ट लगेंगे। सेक्टर-8 को ट्रांसपोर्ट कम्युनिकेशन जैसी एक्टिविटी के लिए रिजर्व रखा गया है। इसके साथ ही हर मार्केट में मल्टीलेवल पार्किंग टैक्सी स्टैंड बनाया जाएगा।