कंफेडरेशन ऑफ इंडियन इंडस्ट्री (सीआईआई) यंग इंडियंस कॉरपोरेट स्पोर्ट्स लीग में पहली बार तीन महिला क्रिकेट टीमें हिस्सा ले रही हैं। इस बार वार्षिक लीग भारतीय उद्योग परिसंघ उत्तरी क्षेत्र के सोलन चैप्टर की यंग इंडियंस की ओर से चंडीगढ़ क्रिकेट चैप्टर के सहयोग से कराई जा रही है।
स्पोर्ट्स लीग सेक्टर-16 के स्टेडियम में 3 अप्रैल से शुरू हो रही है। भारतीय उद्योग परिसंघ हिमाचल स्टेट काउंसिल के अध्यक्ष संजय खुराना ने बताया कि लीग के क्रिकेट मुकाबलों में पुरुषों की 21 तथा महिलाओं की 3 टीमें शिरकत करेंगी।
लीग के मैच सेक्टर-16 स्टेडियम, डीएवी कॉलेज सेक्टर-8 तथा बरवाला क्रिकेट ग्राउंड पंचकूला में खेले जाएंगे। प्रतियोगिता का उद्घाटन सेक्टर-16 क्रिकेट स्टेडियम में 3 अप्रैल शाम 5 बजे होगा।
भारतीय उद्योग परिसंघ के यंग इंडियंस सोलन चैप्टर के अध्यक्ष नितिन अग्रवाल के अनुसार 2011 में शुरू हुई कॉरपोरेट स्पोर्ट्स लीग में पहली बार महिलाएं हिस्सा ले रही हैं। इस प्रतियोगिता में फार्मा, एफएमसीजी तथा आईटी व विनिर्माण क्षेत्र की टीमें भी भाग ले रही हैं।
महिला क्रिकेट टीम के नाम गैबरियल, सीसीसी तथा सैंटिस फार्मा हैं। महिलाओं की हर टीम में खिलाड़ियों की संख्या 8 निर्धारित है।