-पंथक प्रतिष्ठा, राजनीतिक दबाव और भविष्य की राजनीति पर दूरगामी असर
पंकज शर्मा
अमृतसर। पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान का वीरवार को श्री अकाल तख्त साहिब के जत्थेदार ज्ञानी कुलदीप सिंह गड़गज्ज के समक्ष पेश होना महज एक धार्मिक औपचारिकता नहीं, बल्कि इसके गहरे सियासी और पंथक मायने हैं। अपने ऊपर लगे आरोपों को लेकर स्पष्टीकरण देने के साथ-साथ मुख्यमंत्री द्वारा दस्तावेज, शिकायतें और गुरुद्वारा प्रबंधों से जुड़ा रिकॉर्ड सौंपना इस बात का संकेत है कि मामला अब राजनीतिक बयानबाजी से आगे बढ़कर पंथक जवाबदेही के दायरे में प्रवेश कर चुका है।
पंथक दृष्टिकोण से श्री अकाल तख्त साहिब सिख कौम की सर्वोच्च धार्मिक और नैतिक अदालत है, जहां व्यक्ति और सत्ता में बैठे पदाधिकारी दोनों समान मर्यादा के अधीन माने जाते हैं। ऐसे में एक गैर-अमृतधारी मुख्यमंत्री की पेशी ने सिख परंपराओं और मर्यादा को लेकर चली आ रही बहस को फिर तेज कर दिया है। पंथक हलकों में यह सवाल भी उठ रहा है कि क्या यह कदम सच्ची जवाबदेही की मिसाल है या फिर सत्ता की ओर से तख्त की गरिमा को राजनीतिक विमर्श का केंद्र बनाने की कोशिश। इस पेशी ने यह तथ्य भी उजागर किया है कि जहां कई पंथक व्यक्ति और संगठन अकाल तख्त
आम आदमी पार्टी के लिए दोधारी तलवार
राजनीतिक स्तर पर यह घटनाक्रम आम आदमी पार्टी और भगवंत मान सरकार के लिए दोधारी तलवार साबित हो सकता है। एक ओर पार्टी इसे पारदर्शिता, नैतिक साहस और संस्थाओं के सम्मान के रूप में पेश कर सकती है। वहीं दूसरी ओर, विपक्ष और पंथक संगठनों को सरकार पर सीधा हमला बोलने का अवसर मिल गया है। खासकर शिरोमणि अकाली दल और अन्य पंथक जत्थेबंदियां इसे सिख अस्मिता, गुरुद्वारों की स्वायत्तता और सरकारी हस्तक्षेप के मुद्दे से जोड़कर आगे बढ़ा सकती हैं।
फैसले का असर सरकार की साख पर
आने वाले दिनों में यह प्रकरण पंजाब की राजनीति में धर्म और सत्ता के रिश्ते पर नई बहस को जन्म दे सकता है। यदि अकाल तख्त साहिब की ओर से कोई सख्त टिप्पणी या निर्देश सामने आता है, तो उसका सीधा असर सरकार की साख और नैतिक स्थिति पर पड़ेगा। वहीं, यदि रुख अपेक्षाकृत नरम रहा, तो पंथक राजनीति में अकाल तख्त की स्वतंत्रता और निष्पक्षता पर सवाल खड़े हो सकते हैं।