भाजपा ने मुख्यमंत्री की गोहाना रैली को डबल फ्लॉप करार दिया। हरियाणा भाजपा के प्रदेश प्रवक्ता वीर कुमार यादव मंगलवार को पंचकूला स्थित पार्टी कार्यालय में हरियाणा सरकार के खिलाफ जमकर भड़ास निकाली।
उन्होंने कहा कि हरियाणा शक्ति रैली में मुख्यमंत्री ने पुरानी घोषणाएं ही दोहराई हैं। रैली में जो भी घोषणाएं की गईं, उनमें से ज्यादातर पहले ही विभिन्न कार्यक्रमों में मुख्यमंत्री घोषणा कर चुके हैं।
यादव ने कहा कि मुख्यमंत्री ने गोहाना को जिला बनाने का लालच देकर भीड़ जुटाई थी, लेकिन गोहाना को जिला नहीं बनाया गया।
रेवाड़ी में आयोजित नरेंद्र मोदी की रैली की तुलना में गोहाना रैली में न तो उतनी भीड़ थी और न ही जोश, क्योंकि भीड़ का आना और भीड़ को लाना दोनों में भारी अंतर है। सरकारी अधिकारियों ने सरपंचों पर भीड़ जुटाने का दबाव बना रखा था।
वीर कुमार यादव ने कहा कि नए भूमि अधिग्रहण बिल के बारे में सरकार को स्थिति स्पष्ट करनी चाहिए। इस दौरान प्रदेश उपाध्यक्ष बंतो कटारिया, जिला अध्यक्ष विशाल सेठ, शामलाल बंसल, महामंत्री भारत भूषण, मीडिया सह प्रभारी वीरेंद्र गर्ग व संजय आहूजा और जिला मीडिया प्रभारी विकास पाल भी उपस्थित थे।
फ्लैट पर प्रॉपर्टी टैक्स का भी मुद्दा उठा
भाजपा के जिला अध्यक्ष विशाल सेठ ने मांग की है कि फ्लैट मालिकों से प्रॉपर्टी टैक्स नाजायज रूप से लिया जा रहा है। फ्लैट मालिकों से 9 गुना ज्यादा टैक्स वसूले जा रहे हैं, जो गलत है।
प्रॉपर्टी टैक्स में जो भी विसंगतियां हैं, उन्हें दूर करना चाहिए। इसके अलावा फ्लैट पर भी 75 पैसे प्रति वर्ग गज के हिसाब से टैक्स लेना चाहिए न कि प्रति फुट के हिसाब से।
हजकां युवा महासचिव ने भी की निंदा
हजकां के युवा महासचिव मनोज शर्मा ने भी गोहानी रैली की निंदा करते हुए कहा कि सरकारी तंत्र का गलत इस्तेमाल किया गया है। कर्मचारी वर्ग सरकार से अगर खुश होता तो 13 व 14 नवंबर को हड़ताल का ऐलान ही न होता। शर्मा ने कहा कि रैली में कांग्रेसी ही एकजुट नजर नहीं आए। ऐसी सरकार प्रदेशवासियों का क्या भला कर सकती है?