हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड के टॉपरों को अमर उजाला की तरफ से शनिवार को सम्मानित किया जाएगा। सम्मान समारोह में वर्ष 2017 के वह सभी मेधावी पहुंचेंगे, जिन्होंने 10वीं और 12वीं की परीक्षा में जिले में टॉप थ्री और प्रदेश के टॉप टेन में स्थान हासिल किया है।
सोनीपत के लिटिल एंजल्स सीनियर सेकेंडरी स्कूल पटेल नगर में शनिवार को मुख्यातिथि प्रदेश के मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर टॉपर्स को सम्मानित करेंगे। समारोह में शहरी स्थानीय निकाय व महिला एवं बाल विकास मंत्री कविता जैन, सहकारिता मंत्री मनीष ग्रोवर भी शिरकत करेंगे।
सम्मान समारोह की तैयारियां पूरी हो चुकी हैं। अमर उजाला पिछले कई वर्षों से राज्य शिक्षा बोर्ड के मेधावियों को सम्मानित करता आ रहा है। इससे टॉपरों को प्रोत्साहन मिलता है। उनमें शिक्षा के क्षेत्र में बेहतर करने की ललक पैदा होती है।
सम्मान समारोह के लिए मेधावियों में काफी उत्साह देखा जा रहा है। मेधावियों को मेडल और प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया जाएगा। कार्यक्रम में बंसल क्लासेज कोटा और एसआरएम यूनिवर्सिटी सोनीपत का सहयोग रहेगा। विद्यार्थियों को एसआरएम यूनिवर्सिटी और बंसल क्लासेज से जुड़ने का अवसर भी मिलेगा। इन संस्थानों से विद्यार्थी अपने भविष्य के बारे में जानकारी ले सकेंगे।
इन बातों का ख्याल रखें
बच्चों को अपनी मार्कशीट और आईडी प्रूफ की फोटो कापी साथ लेकर आना है। सुबह 10 बजे से विद्यार्थियों का पंजीकरण शुरू कर दिया जाएगा। एक बच्चे के साथ एक ही अभिभावक को एंट्री मिलेगी और उनको अपना आईडी प्रूफ लेकर आना होगा। कार्यक्रम की अधिक जानकारी के लिए मोबाइल नंबर 7027781197 पर संपर्क कर सकते हैं।