कुक की पिटाई के बाद चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी लामबंद
- फोटो : अमर उजाला
हरियाणा सीएम आवास पर कार्यरत (कुक) रसोइये अनूप बहादुर ने वहीं तैनात सीएम के एडीसी रजनीश गर्ग पर मारपीट करने का आरोप लगाया है। पीड़ित कुक का कहना है कि वह एडीसी की मांग पर वह उन्हें ब्रेड सर्व नहीं कर पाया, क्योंकि उस वक्त ब्रेड खत्म थी, बस इसी बात से गुस्साए एडीसी ने अपने कार्यालय में उसकी पिटाई कर दी।
इस मामले को लेकर शनिवार को हरियाणा पीडब्ल्यूडी बीएंडआर चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी यूनियन लामबंद हो गई है। इस कारण कर्मचारियों ने एमएलए हॉस्टल परिसर में एकत्रित होकर बवाल किया।
उधर, शनिवार को हास्टल में सभी कर्मचारियों ने धरना-प्रदर्शन कर सरकार और अफसरों के खिलाफ नारेबाजी की। कर्मचारियों ने उक्त अफसर के खिलाफ कार्रवाई की मांग को लेकर अनिश्चितकालीन हड़ताल का भी एलान कर दिया। शनिवार से ही हरियाणा सीएम, मंत्रियों, अफसरों और अन्य वीआईपी के आवासों पर कार्यरत चतुर्थ श्रेणी कर्मचारियों और हॉस्पिटेलिटी स्टाफ ने कामकाज ठप कर दिया है।
यूनियन नेताओं का कहना है कि जब तक सीएम संबंधित आरोपी अफसर के खिलाफ कार्रवाई नहीं करेंगे और पुलिस उनके खिलाफ केस दर्ज नहीं करेगी, तब तक हड़ताल जारी रखेंगे। दूसरी ओर, एडीसी रजनीश गर्ग आरोपों को खारिज करते हुए पहले ही कह चुके हैं कि उन्हें घटना की जानकारी नहीं है और उन पर लगाए आरोप भी बेबुनियाद हैं।
रसोइये ने सुनाई आपबीती
रसोइया अनूप बहादुर
- फोटो : अमर उजाला
अनूप बहादुर ने बताया कि आठ जून दोपहर को वह अन्य स्टाफ के साथ रसोई में काम कर रहा था। तभी सीएम हाउस के ही एक कर्मचारी का फोन आया कि एडीसी साहब ब्रेड मंगवा रहे हैं, लेकिन कर्मचारी को बताया गया कि अभी ब्रेड खत्म हो गई है।
अनूप के अनुसार, थोड़ी देर बाद फिर फोन आया, फोन करने वाले ने पहले तो उसका नाम पूछा और फिर तीस सेकेंड में सीएम हाउस में ही तैनात एडीसी के कार्यालय में आने को कहा। अनूप ने बताया कि वह जैसे ही वहां पहुंचा, अफसर ने उसकी जमकर पिटाई की। आरोप है कि थप्पड़, लात-घूंसे से उसकी कुछ मिनटों तक जमकर पिटाई की गई। इतना ही नहीं उसे अपशब्द भी कहे गए।
उसने बताया कि इस दौरान मौके पर सीएमओ के अन्य अधिकारी भी मौजूद थे। जिन्होंने बीच बचाव की कोशिश कर उसे बचाने का प्रयास भी किया, लेकिन आरोपी अफसर ने बीच बचाव कर रहे तीनों अफसरों की भी एक न सुनी और उन्हें भी बाहर जाने को कहा।
रसोई का मामला है निपट जाएगा: सीएम
एडीसी और कुक के विवाद पर सीएम मनोहर लाल ने कहा कि हैरानी की बात है कि यह मीडिया के लिए इतना बड़ा विषय बन गया। यह बड़ा विषय नहीं है, छोटी सी बात है। घर की रसोई का मामला है निपट जाएगा।
पहले भी हो चुका है वाकया
चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी यूनियन के प्रदेश अध्यक्ष तारादत्त ने बताया कि पहले भी सीएम हाउस में एक अधिकारी ने एक कर्मचारी के साथ दुर्व्यवहार किया था। बाद में वरिष्ठ अधिकारियों की मध्यस्थता के बाद मामला सुलझा।
इस मामले में चंडीगढ़ पुलिस ने डीडीआर दर्ज कर ली है। पीड़ित का मेडिकल करवा लिया गया है। मेडिकल रिपोर्ट आने के बाद आगेे की कार्रवाई होगी।
- इंस्पेक्टर पूनम दिलावरी, एसएचओ, सेक्टर -3 थाना, चंडीगढ़।