इलेक्ट्रानिक वोटिंग मशीन (ईवीएम) पर विभिन्न राजनीतिक पार्टियों की ओर से लगाए जा रहे टेंपरिंग केआरोपों को चीफ इलेक्शन कमिश्नर ऑफ इंडिया डॉ. सैय्यद नसीम अहमद जैदी ने सिरे से नकार दिया है। उन्होंने चुनौती देते हुए कहा कि सभी ईवीएम एकदम दुरुस्त है, यदि किसी राजनीतिक दल को ऐतराज है तो वह चैलेंज करे, आयोग उसका जवाब देगा।
चीफ इलेक्शन कमिश्नर शनिवार को पंजाब यूनिवर्सिटी में एसोसिएशन फॉर डेमोक्रेटिक रिफोमर्स (एडीआर) की नेशनल कांफ्रेंस में बतौर मुख्यातिथि बोल रहे थे। उन्होंने कहा कि ईवीएम आयोग के टेक्निकल एंड एडमिनीस्ट्रेटिव सेफ गार्ड मानकों पर खरी हैं, इसलिए टेंपरिंग के आरोप लगाना निराधार है।
डॉ. जैदी ने कहा कि इसके लिए आयोग ने चुनौती दी है कि कोई भी राजनीतिक दल ईवीएम टेंपरिंग को चैलेंज करे, उसका पुख्ता जवाब चुनाव आयोग देगा। उनके अनुसार इसी पर एक खुली चर्चा के लिए भी आयोग बहुत जल्द सभी राजनीतिक दलों को आमंत्रित करेगा, ताकि उनके संशय को भी खत्म किया जा सके। डॉ. जैदी ने बताया कि इन आरोप-प्रत्यारोपों का सिलसिला हमेशा के लिए खत्म करने के लिए आयोग बहुत जल्द वीवी पैट (वोटर वैरिफाइड पेपर ऑडिट ट्रायल) सिस्टम से देश में वोटिंग करवाएगा। ऐसा करने वाला इंडिया दुनिया में पहला देश होगा।