लोक आस्था और सूर्योपासना का चार दिवसीय महापर्व छठ मंगलवार को नहाय खाय के साथ शुरू हो रहा है। नहाय खाय के दिन व्रती स्नान और पूजा के बाद स्वयं भोजन बनाती हैं। नहाय-खाय में अरवा चावल, चने की दाल और घीया की सब्जी बनाते हैं। इसमें सेंधा नमक का प्रयोग होता है। व्रती के भोजन के उपरांत ही घर के अन्य सदस्य भोजन ग्रहण करते हैं
दूसरा दिन खरना होता है। इसके तहत व्रती पूरा दिन उपवास रखकर शाम में खीर बनाती हैं। बिना तवे की रोटी बनाया जाता है। शाम में सूर्यास्त के बाद व्रती खरना का प्रसाद ग्रहण करती हैं। उसके बाद घर के अन्य सदस्य प्रसाद ग्रहण करती हैं। खरना की रात से ही छठ व्रती का अखंड उपवास शुरू होता है। तीसरे दिन अस्ताचलगामी सूर्य को अर्ध प्रदान किया जाता है और चौथे व अंतिम दिन उदीयमान सूर्य को अर्ध प्रदान कर व्रती अपना उपवास समाप्त करती हैं। इस प्रकार सूर्य उपासना का महापर्व संपन्न हो जाता है।
क्या कहते हैं छठ पूजा आयोजक
बिहार परिषद की ओर से पिछले वर्ष की तरह इस वर्ष भी सेक्टर-42 के न्यू लेक पर भव्य आयोजन होगा। इसकी सभी तैयारियां की जा रही हैं। रैन बसेरा का भी व्यवस्था है। ताकि व्रती रात में छठ घाट पर ठहर भी सकें। घाट पर आए भक्तों को प्रसाद भी बांटा जाएगा। -उमाशंकर पांडेय, अध्यक्ष बिहार परिषद, चंडीगढ़
छठ पूजा
- फोटो : अमर उजाला
भक्तों को कोई परेशानी न हो इसके लिए बिहार परिषद के कार्यकर्ता घाट पर तैनात होगे। बिहार परिषद की ओर से भजनों का भी आयोजन किया जाएगा। वालंटियरों की तैनाती होगी। बिहार परिषद से जुडे़ पीजीआई के डाक्टरों के अलावा कई संस्थाओं के बड़े अधिकारी वैज्ञानिक और कलाकार वालंटियर बने हैं। -सत्यम ओझा, संगठन सचिव, बिहार परिषद चंडीगढ़
सेक्टर-29 स्थित बल शिव मंदिर के सामने ग्राउंड में छठ पूजा के लिए कृत्रिम सरोवर बनाया गया है। इसमें बड़ी संख्या में व्रती सूर्य को अर्ध्य प्रदान करेंगे। तैयारियां अंतिम चरण में है -धर्मेंद्र सिंह, सेक्टर-29
न्यू लेक पर बड़ी संख्या में छठ व्रती पहुंचेंगे। व्रतियों के स्वागत के लिए पूर्वांचल वेलफेयर एसोसिएशन के पदाधिकारियों की बैठकों का दौर जारी है। न्यू लेक को जगमग रोशनी से सजाया जाएगा। आकर्षक और भव्य स्टेज का निर्माण होगा। शहर के वरिष्ठ अधिकारियों के अलावा राजनीतिक हस्तियों को निमंत्रण भेजा गया है। -डीके सिंह, महासचिव, पूर्वांचल वेलफेयर एसोसिएशन चंडीगढ़,
सेक्टर-47 में हर वर्ष की तरह इस वर्ष भी छठ पूजा आयोजन की तैयारी चल रही है। कृत्रिम सरोवर का निर्माण होगा। छठ घाट को भव्य तरीके से सजाया जाएगा।
राकेश शर्मा, अध्यक्ष, छठ पूजा कमेटी सेक्टर-47
पूर्वांचल विकास महासंघ की ओर से कालोनी नंबर चार में छठ पर्व का आयोजन हो रहा है। 26 अक्तूबर को ढलते सूर्य और 27 अक्तूबर को उगते सूर्य को अर्ध्य प्रदान किया जाएगा।
सरोज झा, सचिव, पूर्वांचल विकास महासंघ चंडीगढ़।