आज लोक आस्था और सूर्य उपासना का महापर्व छठ पूजा है। सूर्य को अर्घ्य देने के लिए चंडीगढ़ में कई जगह इंतजाम किए गए हैं। छठ के लिए सेक्टर-42 स्थित न्यू लेक को जगमग रोशनी से सजाया गया है। 450 पुलिसकर्मी सेक्टर-42 लेक पर सुरक्षा व्यवस्था संभालेंगे।
वहीं पूर्वांचल वेलफेयर एसोसिएशन छठ पूजा का आयोजन कर रही है। एसोसिएशन के प्रेस सचिव पंकज यादव ने बताया कि सभी तैयारियां हो चुकी हैं। लेक के सभी घाटों पर एसोसिएशन के वलंटियर तैनात होंगे। शहर के अन्य भागों में भी छठ की धूम है।
पूजा के लिए उपयोग में आनेवाली सामग्रियों की मार्केट में लोगों ने जमकर खरीदारी की। रामदरबार, हल्लोमाजरा, कालोनी नंबर चार, दड़वा, बहलाना, रायपुरखुर्द सहित अन्य स्थानों पर कृत्रिम सरोवरों का निर्माण किया गया है। इन कृत्रिम सरोवरों में पानी भरकर व्रती सूर्य को अर्घ्य प्रदान करेंगे।
बता दें कि सोमवार को व्रतियों ने खरना किया। मंगलवार को ढलते सूर्य को वह अर्घ्य प्रदान करेंगे। 18 नवंबर को उगते सूर्य को अर्घ्य प्रदान कर छठ का समापन हो जाएगा।