चंडीगढ़। यूटी क्रिकेट एसोसिएशन का विवाद थमने का नाम नहीं ले रहा है। पिछले दिनों खुद को एसोसिएशन का अध्यक्ष होने का दावा करने वाले आम आदमी पार्टी चंडीगढ़ के वरिष्ठ नेता प्रदीप छाबड़ा ने तीन सितंबर को यूटीसीए की होने वाली एजीएम में हिस्सा लेने के लिए बीसीसीआई को पत्र लिखा है। इसमें यूटीसीए से आधिकारिक निर्देश जारी किए जाने की मांग की गई है। छाबड़ा ने यह पत्र बीसीसीआई सचिव जय शाह और एथिक्स ऑफिसर विनीत सरन को लिखा है और खुद को यूटीसीए का अध्यक्ष बताया है। छाबड़ा ने कहा कि संस्थापक सदस्य होने के नाते उनके पास वोटिंग राइट होने के बाद भी एजीएम को लेकर कोई नोटिस नहीं आया, जबकि इसका हिस्सा बनने का उनका अधिकार है। उधर, इस मसले पर यूटीसीए के सचिव देविंदर शर्मा का कहना है कि उनके पास इसकी कोई सूचना नहीं है। यह बीसीसीआई को लिखा है तो बीसीसीआई ही इस पर उत्तर दे सकती है। एजीएम को लेकर किसी से कोई सूचना-डिमांड नहीं आई है।