चंडीगढ़। जीएमसीएच32 में विभिन्न पदों पर नौकरी लगवाने के नाम पर लाखों रुपये की ठगी करने का आरोप लगाते हुए मनीमाजरा के न्यू दर्शनी बाग के एक युवक ने एसएसपी दफ्तर, सेक्टर- 9 पुलिस मुख्यालय में शिकायत दी है। मामले में शिकायतकर्ता बलि राम मिश्रा ने विकास नगर, मौलीजागरां के अश्विनी कुमार के खिलाफ यह शिकायत दी है। एसएसपी को दी शिकायतकर्ता ने कहा है कि वह अश्विनी कुमार से नौकरी लगवाने के लिए मिला था। शिकायत के मुताबिक अश्विनी ने उसे 31 जनवरी 2023 को आश्वासन दिया कि वह उसकी जीएमसीएच-32 में नौकरी लगवा देगा। उसने शुरुआत में शिकायतकर्ता को 30 हजार रुपये जमा करवाने को कहा, जिसमें से 15 हजार रुपये पहले और बाकी के नियुक्ति के बाद देने को कहा था। शिकायतकर्ता के मुताबिक अश्विनी ने उसे कहा कि सेक्टर 32 अस्पताल में कई रिक्त पद रिकार्ड पर हैं। ऐसे में वह अपने दोस्तों और रिश्तेदारों को भी इनके लिए संपर्क कर सकता है। अश्विनी ने उसके संपर्क में आए लोगों को 3,18,000 रुपये देने को कहा। बलि राम मिश्रा ने यह रकम आगे अश्विनी को जमा करवा दी। बलि राम के मुताबिक बाद में उनकी नौकरी नहीं लगी। इसके बाद सभी 13 लोग बलि राम मिश्रा से जमा करवाई गई रकम मांग रहे हैं। अश्विनी से संपर्क करने पर उसने रकम वापस करने से इनकार कर दिया। शिकायतकर्ता के मुताबिक उसने उसे धमकाया और वह उसका मानसिक शोषण कर रहा है। बलि राम मिश्रा ने पुलिस से मांग की है कि उनके द्वारा जमा करवाई गई रकम अश्विनी कुमार से वापस करवाई जाए।