चंडीगढ़। शहर में सक्रिय ऑनलाइन ठगों ने एक बार फिर आर्मी अधिकारी बनकर मकान किराए पर लेने के नाम पर सेक्टर-37 में रहने वाले एक व्यक्ति को 2 लाख 41 हजार रुपये का चूना लगा दिया। जालसाज ने सेक्टर-37 में पीड़ित शिकायतकर्ता की कोठी किराए पर लेने के बहाने पहले वीडियो कॉल किया। उसके बाद मकान पसंद आने की बात कहते हुए रेंट एग्रीमेंट को लेकर बात करने लगा। आरोपों के तहत जालसाज ने पहले रेंट एग्रीमेंट के नाम पर कुछ रकम मंगा ली। उसके बाद और पैसे न देने पर धमकी देने लगा। मामले में पीड़ित की ओर से दी गई शिकायत पर साइबर सेल की ओर से की गई प्रारंभिक जांच के बाद पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
सेक्टर-37 निवासी जतिन अरोड़ा ने साइबर सेल को दी शिकायत मेंं बताया कि उसने कोठी की पहली मंजिल किराये पर देने के लिए सोशल साइड पर विज्ञापन डाला था। उसे मैजिक ब्रिक्स.कॉम से ईमेल अलर्ट प्राप्त हुआ। इसके बाद रणदीप सिंह नाम के व्यक्ति ने फोन कर बताया कि वह आर्मी में कमांडर के पद पर तैनात है, उसकी बदली जयपुर से चंडीगढ़ हुई है। वह सेक्टर-37 में उनकी पहली मंजिल को किराए पर लेने के इच्छुक है। रणदीप सिंह ने व्हाट्सएप के माध्यम से आधार कार्ड, कैंटीन स्मार्ट कार्ड, पैन कार्ड की प्रति और एक पारिवारिक फोटो भेजी। इसके बाद आरोपी रणदीप दोबारा संपर्क कर पीड़ित से रेंट एग्रीमेंट को लेकर बात करने लगा। अगले दिन रणदीप ने वीडियो कॉल की तो उसमें एक महिला समेत तीन और व्यक्ति आर्मी की यूनिफार्म पहने हुए नजर आए। उन्होंने खुद को सैन्य अधिकारी बताते हुए पीड़ित मकान मालिक का पहचान पत्र, आधार कार्ड और पैन कार्ड मंगवा लिए। वीडियो कॉल करने वाले व्यक्ति ने कहा कि एग्रीमेंट के अनुसार मकान मालिक को 39 हजार 999 रुपये देने होंगे। उन्होंने पीएनबी के अकाउंट में 39 हजार 999 रुपये जमा करवा दिए। रणदीप का फोन आकर और रुपये जमा करवाने के लिए कहा गया। जब उन्होंने रुपये जमा करवाने से इन्कार किया तो जान से मारने की धमकी दी। जतिन ने डर से दो लाख 41 हजार 79 रुपये बताए हुए अकांउट में जमा करवा दिए।