आपके मोबाइल पर 0092 नंबर से शुरू होने वाली 12 अंकों की व्हाट्सएप कॉल आती है तो सावधान होने की जरूरत है। यह फोन कॉल पड़ोसी मुल्क में बैठे किसी ठग की हो सकती है। शहर में आजकल ऐसे ही कुछ लोगों के पास व्हाट्सएप कॉल आई हैं। हालांकि गनीमत यह रही कि समझदारी से काम लेते हुए लोगों ने खुद को ठग के चंगुल में फंसने से बचा लिया।
एनआईटी-5 एच ब्लाक में रहने वाले परविंदर के पास ऐसी ही एक कॉल बुधवार सुबह आई। परविंदर ने बताया कि 00923427825839 नंबर से आई इस कॉल करने वाले ने खुद का नाम राणा प्रताप सिंह बताया। साथ ही उसने शुभकामना देते हुए कहा कि ‘कौन बनेगा करोड़पति’ टीवी गेम में उनके व्हाट्सएप नंबर को चुना गया है।
लॉटरी के माध्यम से हुए उनके नंबर को चुनने के बाद 25 लाख रुपये का इनाम दिया जाएगा। फोन करने वाले ने परविंदर को बताया कि वह अपना व्हाट्सएस चेक करे। उस पर एक मैसेज है। मेसेज पर प्रकाशित लॉटरी के नंबर को उसी मेसेज में लिखे नंबर पर फोन करके बताना होगा।
परविंदर के अनुसार व्हाट्सएप पर 00923066692459 नंबर दिया गया था। जबकि उसकी लॉटरी का नंबर 0195 अंकित किया गया था। उसने बताए गए नंबर पर कॉल किया तो आवाज उसी शख्स की थी, जिसने पहले बात की थी। लॉटरी का नंबर पूछने के साथ ही वह पेन कार्ड, आधार, बैंक एकाउंट और एटीएम कार्ड की जानकारी मांगने लगा। शक होने पर परविंदर ने फोन काट दिया।
इस मामले में पुलिस प्रवक्ता सूबे सिंह का कहना है कि किसी भी अनजान व्यक्ति के साथ अपने दस्तावेज और बैंक एकाउंट संबंधी जानकारी साझा नहीं करनी चाहिए। ऐसे लोग ठग होते हैं जोकि दूर बैठकर ही आपके बैंक एकाउंट से पैसा निकाल सकते हैं।