चंडीगढ़। शहर में विदेश भेजने का झांसा देकर लोगों के साथ की जा रही लाखों की ठगी के मामले लगातार सामने आ रहे हैं। ऐसा ही एक ओर मामला सामने आया है, जिसमें इमिग्रेशन ठगों ने विदेश में वर्क परमिट दिलवाने का झांसा देकर गणेश मल निवासी गांव खियाल जिला नागौर, राजस्थान और इसके साथ अन्य लोगों को विदेश में भेजने और वर्क परमिट दिलवाने के नाप पर करीब 35 लाख रुपये का चूना लगा दिया। पीड़ित की शिकायत पर पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ साइबर क्राइम थाने में धारा 406, 409, 420, 467, 468, 471, 120-बी के तहत केस दर्ज कर लिया है।
पुलिस को दी शिकायत में गणेश मल ने बताया कि वर्ष 2023 में फोन पर उनकी बात इमिग्रेशन कंपनी के कर्मी से हुई थी। उन्होंने मिलने के लिए चंडीगढ़ बुलाया और वह अपने अन्य साथियों के साथ यहां पहुंचे। उनकी अलग-अलग जगह पर कंपनी के कर्मी के साथ मुलाकात हुई। जिसमें उन्होंने गणेश मल और उनके साथियों को विदेश में वर्क परमिट का वीजा दिलवाने के लिए कहा। इसके साथ ही उनसे दस्तावेजों सहित अलग-अलग किस्तों में करीब 35 लाख रुपये भी ले लिए। लेकिन बाद में आरोपियों ने उन्हें कोई वीजा नहीं दिया बल्कि उनके पैसे लौटाने से भी मना कर दिया। इसके बाद पुलिस को शिकायत दी गई जिसके आधार पर अब केस दर्ज किया गया है।