पंचकूला। कालका निवासी एक व्यक्ति के साथ आर्मी ऑफिसर बनकर घर का सामान बेचने के नाम पर 22 हजार रुपये ठगने का मामला सामने आया है। शिकायत पर साइबर थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस के अनुसार, कालका निवासी नितिन ने दी शिकायत में बताया कि उसने 25 जुलाई को फेसबुक पर फर्नीचर और इलेक्ट्रॉनिक सामान बेचने का पोस्ट देखा। पोस्ट में दिए गए नंबर पर फोन किया तो व्यक्ति ने खुद को आर्मी ऑफिसर बताते हुए चंडीगढ़ एयरफोर्स स्टेशन पर ड्यूटी होने की बात कही। कुछ ही दिनों में यूपी ट्रांसफर होने के बारे में बताया। उसने कहा कि ट्रांसफर के कारण उन्होंने अपने घर का फर्नीचर और इलेक्ट्रॉनिक सामान बेचने के लिए पोस्ट डाला था। इसके बाद आरोपी के साथ सामान को लेकर 40 हजार रुपये का सौदा तय हुआ। आरोपी ने कहा कि जब तक वह तीन हजार रुपये ऑनलाइन जमा नहीं करवाएगा तब तक उनका सामान आर्मी एरिया से डिलीवरी के लिए नहीं निकलेगा। उसने पैसे दे दिए।
इसके बाद आरोपी ने एक डिलिवरी बॉय का नंबर दिया और कहा कि वह उनका सामान लेकर निकल पड़ा है। कुछ देर बाद डिलिवरी बॉय ने उसे कॉल कर कहा कि उन्हें कर्नल ने चेक पोस्ट पर रोक लिया और वह 9500 रुपये टैक्स जमा करने के बाद ही सामान आगे जाने देगा। उन्होंने चार ट्रांजेक्शन में 9500 रुपये जमा करवा दिए। कुछ देर बाद डिलीवरी बॉय ने दोबारा शिकायतकर्ता को कॉल कर कहा कि एक बार में ही 9500 रुपये जमा करवाना था और पहले जमा करवाया गया 9500 रुपये कर्नल ने कैश वापस कर दिया। उसने यह भी कहा कि जब तक 9500 रुपये जमा नहीं होगा तब तक सामान रिलीज नहीं करेगा। मजबूरन दोबारा 9500 रुपये ऑनलाइन जमा करवाए। कुछ देर बाद डिलीवरी बॉय ने दोबारा कॉल कर 10000 रुपये और जमा करवाने को कहा। शक होने पर उन्होंने पुलिस में शिकायत दी।