चंडीगढ़। चंडीगढ़ हाउसिंग बोर्ड (सीएचबी) ने आवंटियों, ट्रांसफरी और किरायेदारों के बकाया भुगतान के सत्यापन और रिकंसिलिएशन के लिए 1 से 15 जुलाई तक विशेष पब्लिक कैंप आयोजित करने का फैसला किया है। यह सुविधा लीजहोल्ड, लाइसेंस, हायर परचेज, रेंटल और टेनेंसी श्रेणी की आवासीय व व्यावसायिक संपत्तियों के लिए होगी, जबकि फ्रीहोल्ड संपत्तियां इसमें शामिल नहीं हैं। आवंटी पहले ऑनलाइन पोर्टल पर अकाउंट स्टेटमेंट जांचें। यदि भुगतान की एंट्री या राशि में कोई विसंगति हो तो मूल रसीदों के साथ सीएचबी भवन की छठी मंजिल स्थित मल्टीपर्पज हॉल में सुबह 11 से शाम 4 बजे तक पहुंचकर रिकॉर्ड का मिलान करा सकते हैं। सेक्टरों और कॉलोनियों के अनुसार अलग-अलग तिथियां तय की गई हैं। सीएचबी ने स्पष्ट किया है कि 15 जुलाई के बाद उपलब्ध रिकॉर्ड के आधार पर बकाया राशि अंतिम मानकर डिमांड नोटिस जारी किए जाएंगे।