चंडीगढ़। शहर के चार सेक्टरों में बनी 79 आवासीय संपत्तियों को बेचने के लिए चंडीगढ़ हाउसिंग बोर्ड (सीएचबी) ने ई-टेंडर जारी किया है। अब इन फ्लैट्स को खरीदने से पहले देख भी सकेंगे, इसके लिए सीएचबी शुक्रवार को सेक्टर-38वेस्ट, 49, 51 और 63 में शिविर लगा रहा है। सुबह 10 बजे से लेकर शाम 5 बजे के बीच यहां जाकर मकानों को देखा जा सकता है। सभी मकानों का नंबर और उसकी कीमत बोर्ड की वेबसाइट पर अपलोड की गई है।
सीएचबी अब तक ई-नीलामी के जरिये आवासीय व व्यावसायिक संपत्तियों की नीलामी करता था, लेकिन अब बेहतर प्रस्तावों और गोपनीयता को बरकरार रखने के लिए ई-टेंडरिंग का सहारा ले रहा है। चंडीगढ़ प्रशासन की ई-टेंडरिंग वेबसाइट https://etenders.chd.nic.in पर 31 मई शाम 6 बजे तक बोली जमा कराई जा सकती है। सेक्टर-38वेस्ट, 49, 51 और 63 में ये मकान मौजूद हैं। जांच के लिए सेक्टर-38वेस्ट में मकान नंबर-4788ए, सेक्टर-49 में 2774ए, सेक्टर-51 में 153ए, सेक्टर-63 में 2212ए और 2336 में जाकर संपर्क किया जा सकता है। सीएचबी की तरफ से कहा गया है कि 18 वर्ष से ऊपर देश के किसी भी राज्य में रहने वाला व्यक्ति इस ई-टेंडरिंग की प्रक्रिया में भाग ले सकता है। मकान खरीदने के लिए एनआरआई भी बोली लगा सकते हैं। बोर्ड ने कहा है कि जो भी आरक्षित मूल्य तय किया गया है, उसके अनुसार सबसे ज्यादा बोली लगाने वाले व्यक्ति को ही मकान बेचा जाएगा। प्रत्येक बोलीदाता को दो लाख रुपये बयाना राशि जमा करानी होगी, जिसे ऑनलाइन जमा कराया जा सकता है। इसके बाद ही वह अपनी बोली जमा कर पाएगा। एक जून को सुबह 10 बजे बोली खोली जाएगी और जिस फ्लैट के लिए जिसकी बोली सबसे ज्यादा होगी, उसे मकान बेच दिया जाएगा।