चंडीगढ़। नोटिस देने के बाद भी अवैध निर्माण का कार्य नहीं रुकने पर चंडीगढ़ हाउसिंग बोर्ड (सीएचबी) ने शनिवार को डड्डूमाजरा कालोनी में चार मकानों से अवैध निर्माण को ढहा दिया। अभियान को लेकर दोपहर को सीएचबी की टीम मौके पर पहुंची। इस दौरान कुछ अलॉटियों ने विरोध किया तो मौके पर पहुंची पुलिस ने इन्हें हटाकर मकानों को तोड़ने की कार्रवाई पूरी की। सीएचबी ने अब तक 43 अतिरिक्त निर्माण को तोड़े हैं।
सीएचबी के अफसर ने बताया कि 23 केसों में ड्राइव में आए खर्च के संबंध में डिमांड नोटिस भेजा गया है। अगर अलॉटी दस दिनों में डिमांड किए गए धन का भुगतान नहीं करते हैं तो अलॉटमेंट रद्द किए जाने की प्रक्रिया की जाएगी। इससे पहले वीरवार को सीएचबी ने सेक्टर 45 में 14 मकानों और डड्डूमाजरा में दो मकानों से अतिरिक्त निर्माण गिराए थे। सेक्टर 56 में चार मकानों में बने अतिरिक्त निर्माण को ढहाया गया था। मनमीमाजरा में चार, धनास में दो, सेक्टर 40 में 2 और डड्डूमाजरा में 8 नए निर्माण को तोड़ा गया था। बोर्ड की यह ड्राइव लगातार चलती रहेगी।
पहली बार टीम बनाकर हो रही कार्रवाई
नई अवैध कंस्ट्रक्शन रोकने के लिए सीएचबी ने पहली बार पूरे शहर को दो इंफोर्समेंट डिविजन में बांटा है। इसके तहत इंफोर्समेंट स्क्वाड ने यह कार्रवाई की है। जानकारी के अनुसार, ये लोग बिना परमिशन निर्माण कर रहे थे। उन्होंने कहा कि किसी भी प्रकार के निर्माण के लिए बोर्ड की परमिशन लेनी अनिवार्य होती है, लेकिन इन लोगों ने इसके लिए परमिशन नहीं ली।
यहां तोड़े गए सबसे अधिक मकान
शहर में अभी ऐसे 35 मकानों की लिस्ट बोर्ड ने इंस्पेक्शन और शिकायतों के आधार पर तैयार की है। जहां डिमोलिशन ड्राइव चलेगी। सेक्टर 45 के बाद सेक्टर 56 में सबसे ज्यादा सात ऐसे मकान हैं।