चंडीगढ़। चंडीगढ़ हाउसिंग बोर्ड की सीएचबी की इंफोर्समेंट विंग ने वीरवार को मलोया में छह मकानों से अवैध निर्माण को गिरा दिया। जिन उल्लंघनों को हटाया गया है, उनमें कैंटिलीवर, आरसीसी सीढ़ियां व अन्य निर्माण शामिल है। इस कार्रवाई का कांग्रेस पार्टी के नेताओं व कार्यकर्ताओं ने विरोध किया लेकिन भारी पुलिस बल तैनात होने की वजह से बोर्ड ने अपनी कार्रवाई पूरी की।हाउसिंग बोर्ड के एक अधिकारी ने बताया कि यहां उन मकान मालिकों के खिलाफ कार्रवाई की गई, जिन्हें अवैध निर्माण को तुरंत हटाने के निर्देश दिए गए थे। अधिकारी ने बताया कि नोटिस के बावजूद लोगों ने आदेश का पालन नहीं किया, जिस कारण बोर्ड ने खुद अवैध निर्माण गिराना शुरू कर दिया। उन्होंने कहा कि यहां कई अलॉटियों का चालान किया गया है, जिनके खिलाफ जल्द ही कार्रवाई की जाएगी। जहां कहीं भी बिना अनुमति नया निर्माण कार्य होता है, बोर्ड तुरंत उसके खिलाफ कार्रवाई करता है। पहले नोटिस जारी कर तीन दिन का समय दिया जाता है। अगर तीन दिन के अंदर निर्माण कार्य रोक कर अवैध निर्माण नहीं हटाया जाता तो बोर्ड की तरफ से कार्रवाई की जाती है। बोर्ड की ओर से इस पर आया खर्च भी अलॉटियों से ही वसूला जाता है। बोर्ड की कार्रवाई का कांग्रेस के नेताओं ने विरोध किया तो पुलिस के कईयों को हिरासत में भी लिया। हालांकि सभी को बाद में छोड़ दिया गया।