चंडीगढ़। सेक्टर-9 के एसको बार और चेजर्स बार में ग्राहकों को हुक्का परोसने पर आबकारी व कराधान विभाग के इंस्पेक्टर मनीष गोयल की शिकायत पर मामला दर्ज किया गया है। सेक्टर-3 थाना पुलिस ने एसको बार के मालिक रोमी चौहान और चेजर्स बार के मालिक कपिल कटारिया के खिलाफ मामला दर्ज करके जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार 25-26 दिसंबर की रात को आबकारी एंड कराधान विभाग के इंस्पेक्टर मनीष गोयल ने जांच के दौरान पाया कि उक्त दोनों बार में हुक्का परोसा जा रहा है। इसके चलते उन्होंने लिखित में पुलिस को सूचित किया। पुलिस ने जांच के बाद दोनों बार के मालिकों के खिलाफ मामला दर्ज कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया। हालांकि बाद में उन्हें जमानत पर छोड़ दिया गया।
बता दें कि दो महीने में पुलिस करीब तीस क्लबों व बार पर कार्रवाई कर चुकी है। पुलिस ने क्लब में हुक्का परोसने पर अब तक सेक्टर-26 के बुलेवार्ड क्लब, मोब क्लब, बारगेन बूज क्लब, क्विजो क्लब, औद्योगिक क्षेत्र के प्लेबॉय क्लब, तमजारा क्लब, सेक्टर-9 स्थित बूम बॉक्स, पाइप एंड बैरल, एसको बार, सेक्टर-7 के टर्मिनल सेवन, रीफ क्लब, ग्राफो समेत अन्य क्लबों के मालिक, प्रबंधकों के अलावा स्टाफ के खिलाफ कार्रवाई की है।