हरियाणा में 7471 पदों पर होने वाली टीजीटी भर्ती के लिए जारी स्क्रीनिंग शेड्यूल में बदलाव किया गया है। हरियाणा कर्मचारी चयन आयोग ने संशोधित परीक्षा शेड्यूल जारी किया है। नए शेड्यूल के अनुसार, संस्कृत, संगीत, उर्दू विषय के लिए स्क्रीनिंग टेस्ट 30 अप्रैल शाम को होगा। इसी प्रकार, सामाजिक विज्ञान की परीक्षा 13 मई, अंग्रेजी और आर्ट विषय की परीक्षा 14 मई को तय की है।
परीक्षा 3:15 बजे से पांच बजे तक होगी। सेंटर पर प्रवेश 2:15 बजे तक मान्य होगा। गौर हो कि इससे पहले आयोग ने 22 अप्रैल को सामाजिक विज्ञान और 23 अप्रैल को अंग्रेजी और आर्ट्स की परीक्षा तय की थी। इद-उल-फितर होने के चलते मुस्लिम समाज के लोगों ने परीक्षा को स्थगित करने की मांग की थी।
एक प्रतिनिधिमंडल ने मुख्यमंत्री मनोहर लाल के राजनीतिक सलाहकार भारत भूषण भारती से मुलाकात की थी और तिथि बदलने की मांग रखी थी। मुख्यमंत्री की सहमति के बाद आयोग ने इन तिथियों को बदलकर परीक्षा के लिए नई तिथियां तय की हैं। इसके अलावा, इनेलो सुप्रीमो ओमप्रकाश चौटाला ने भी मुख्यमंत्री को इस संबंध में पत्र लिखा था।