प्रदेश सरकार ने राहुल की यात्रा को देखते हुए पंजाब से लगती सीमा और पिहोवा में सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए हैं। भारी संख्या में पुलिस बल तैनात किया गया। अनिल विज का कहना है कि राहुल गांधी को कानून हाथ में लेने की इजाजत नहीं दी जाएगी। वैसे वह सौ दफा आएं, लेकिन आपदा के समय उन्हें ट्रैक्टर रैली पंजाब से हरियाणा लाने की इजाजत नहीं दी जाएगी।
राहुल की रैली को सशर्त इजाजत देगी सरकार, टकराव के आसार
हरियाणा में राहुल गांधी के पिपली दौरे से पहले सरकार सजग हो गई है। गृह मंत्री अनिल विज ने इस मामले में होम सेक्रेट्री, डीजीपी, सीआईडी चीफ और एडीजीपी लॉ एंड आर्डर के साथ बैठक कर राहुल के कार्यक्रम में 100 लोगों को सशर्त कार्यक्रम करने की इजाजत देने की बात कही है। इस बात को लेकर कांग्रेसियों में अंदर खाते रोष है। जिससे कल होने वाली सभा को लेकर टकराव के आसार बन गए हैं।
पड़ोसी राज्य पंजाब में कांग्रेस की सरकार है। जिसके चलते वहां ट्रैक्टर यात्रा में किसी तरह की कोई परेशानी नहीं हुई लेकिन हरियाणा में कांग्रेस की सरकार नहीं है। सूबे की भाजपा सरकार यह नहीं चाहेगी कि केंद्र के कृषि कानूनों के विरोध के लिए हरियाणा से राहुल अपनी राजनीति चमकाएं लेकिन ऐसा भी नहीं है कि हरियाणा में कांग्रेस कमजोर है।
पिछले दिनों गृह मंत्री अनिल विज ने यह बयान दिया था कि हरियाणा में राहुल गांधी का ट्रैक्टर घुसने नहीं दिया जाएगा। जिसके बाद अब जाकर सशर्त कार्यक्रम करने की बात कही है। उधर, प्रदेश कांग्रेस के नेताओं ने मौजूदा और पूर्व विधायकों के साथ बैठकर राहुल गांधी के हरियाणा दौरे को सफल बनाने की बात कर ली है। कांग्रेस की रणनीति के तहत राहुल के इस दौरे में प्रदेश कांग्रेस को एकजुट होकर काम करना है और राहुल के दौरे को सफल बनाना है।
अब क्यों घबरा रही सरकार।अब तो राहुल का कार्यक्रम ही एक दिन का रह गया है। वे दो बजे हरियाणा पहुंचेंगे और पांच बजे तक अपने कार्यक्रम पूरे करके निकल जाएंगे। भूपेंद्र सिंह हुडडा, पूर्व मुख्यमंत्री हरियाणा