विधायक गौतम ने एक बार फिर अपनी पार्टी और नेता दुष्यंत पर छोड़े तीर
अमर उजाला ब्यूरो
चंडीगढ़। नारनौंद से जजपा के बागी विधायक रामकुमार गौतम अपनी फुल फार्म में हैं। एक के बाद वह लगातार डिप्टी सीएम दुष्यंत चौटाला और अपनी पार्टी पर निशाना साध रहे हैं। विधानसभा के बजट सत्र के आखिरी दिन भी गौतम अपने रंग में दिखे। इस दौरान गौतम ने बबली को देरी से मंत्री बनाने पर सवाल उठाया और यहां तक कह डाला कि अगर पंचायत मंत्री के तौर पर बबली ने चुुनाव लड़ा तो जमानत जब्त होगी और महकमा बदल लिया तो यकीनन फिर से जीतेगा। दरअसल, एक दिन पहले ही गौतम ने पंचायत विभाग में कमीशनखोरी के आरोप लगाए थे और इस पर पंचायत मंत्री देवेंद्र बबली ने आपत्ति जताई थी। बुधवार को गौतम सदन में फिर खड़े हो गए। गौतम ने कहा कि, उन्होंने पंचायत विभाग में भ्र्रष्टाचार की बात मंत्री देवेंद्र बबली के लिए नहीं कही थी, बबली ईमानदार और नेक व्यक्ति है। सदन में मौजूद डिप्टी सीएम दुष्यंत चौटाला पर निशाने साधते हुए गौतम बोले, अगर ढाई साल पहले बबली को मंत्री बनाया जाता तो यह और ज्यादा काम कर सकता था, लेकिन इसे देरी से मंत्री बनाया गया। इस दौरान कांग्रेसी और भाजपा विधायक गौतम की बातों पर चटकारे लेते रहे। गौर हो कि गौतम लगातार डिप्टी सीएम पर निशाना साध रहे हैं। दो दिन पहले वह डिप्टी सीएम के आमने सामने आ गए थे और उन्हें इस्तीफा तक देने के लिए कह दिया था।