चंडीगढ़। शहर की निशानेबाज पलक गुलिया ने 10 मीटर एयर पिस्टल स्पर्धा में कांस्य पदक जीतकर देश को 20वां ओलंपिक कोटा दिला दिया। रविवार को ब्राजील के रियो डी जनेरियो में आईएसएसएफ फाइनल ओलंपिक क्वालीफिकेशन चैंपियनशिप में महिलाओं की 10 मीटर एयर पिस्टल में पलक ने कांस्य पदक पर निशाना साधकर पेरिस ओलंपिक का कोटा हासिल किया।
18 वर्षीय पलक डीएवी कॉलेज सेक्टर-10 में बीए प्रथम वर्ष की छात्रा हैं। पलक डीएवी कॉलेज-10 की चौथी निशानेबाज हैं, जिन्होंने पेरिस ओलंपिक का कोटा प्राप्त किया है। इससे पहले डीएवी कॉलेज के विजयवीर सिंह सिद्धू ने 25 मीटर में, सरबजोत सिंह ने 10 मीटर में और मनु भाकर ने 25 मीटर स्पोर्ट्स पिस्टल स्पर्धा में ओलंपिक कोटा हासिल किया था। पेरिस ओलंपिक के लिए चार कोटा हासिल करने पर डीएवी कॉलेज में जश्न का माहौल है। साथ ही शहर के शूटिंग खिलाड़ियों में जबरदस्त उत्साह है। कॉलेज के प्रोफेसर और शूटिंग कोच अमनिंदर मान ने कहा कि यह कॉलेज के लिए यह गर्व की बात है कि पेरिस ओलंपिक में डीएवी कॉलेज के चार खिलाड़ी एक साथ निशाना साधेंगे।
कोच अमनिंदर मान ने बताया कि डीएवी कॉलेज के निशानेबाज इससे पहले भी कई प्रतियोगिताओं में खुद को साबित चुके हैं। एशियाई खेलों में भी डीएवी कॉलेज के निशानेबाजों ने सात पदक जीते थे। कहा कि चंडीगढ़ का डीएवी कॉलेज देश का इकलौता ऐसा कॉलेज है, जिसके निशानेबाज कई मौकों पर देश गौरवान्वित कर चुके हैं। इससे पहले कॉलेज के पांच निशानेबाजों ने चीन में आयोजित एशियाई खेलों में तीन स्वर्ण, दो रजत और दो कांस्य पदक जीते थे। निशानेबाज सरबजोत सिंह ने 10 मीटर एयर पिस्टल के टीम इवेंट में स्वर्ण पदक व 10 मीटर एयर पिस्टल के मिश्रित टीम इवंट में रजत पदक जीता था। पलक ने 10 मीटर एयर पिस्टल की व्यक्तिगत स्पर्धा में एशियाई खेलों के नए कीर्तिमान के साथ स्वर्ण पदक व 10 मीटर एयर पिस्टल टीम स्पर्धा में रजत पदक जीता था। मनु भाकर ने 25 मीटर पिस्टल के टीम इवेंट में स्वर्ण पदक जीता था। विजयवीर सिंह सिद्धू और आदर्श ने 25 मीटर पिस्टल रैपिड फायर के टीम इवेंट में कांस्य पदक जीता था।
कुष्णा सक्सेना
कुष्णा सक्सेना