यूटी पुलिस विभाग के मुलाजिमों के खाते में फर्जी तरीके से ज्यादा वेतन देकर वापस अपने खाते में रकम जमा करवाने का क्राइम ब्रांच ने भंडाफोड़ किया है। मामले में क्राइम ब्रांच ने वेतन विभाग के तत्कालीन प्रभारी और एक होमगार्ड को गिरफ्तार किया है। दोनों पर आरोप है कि इन्होंने 1.1 करोड़ रुपये का वेतन घोटाला किया है। आरोपियों की पहचान विभाग के तत्कालीन प्रभारी बलविंदर सिंह (जूनियर असिस्टेंट, पुलिस विभाग) और होमगार्ड सुरजीत सिंह है। क्राइम ब्रांच ने दोनों को शनिवार को जिला अदालत में पेश कर रिमांड हासिल किया है। क्राइम ब्रांच दोनों आरोपियों से पूछताछ करने में जुटी हुई है। सूत्रों के अनुसार आरोपी मुलाजिमों के खातों में ज्यादा सैलरी डालने के बाद उनसे बाकी की रकम अपने खातों में जमा करा लेते थे।