चंडीगढ़। टी-10 नेशनल व्हीलचेयर क्रिकेट चैंपियनशिप में चंडीगढ़ व्हीलचेयर क्रिकेट टीम उपविजेता बनी। चंडीगढ़ टीम की कप्तानी वीर सिंह संधू ने की। ये वही वीर सिंह संधू हैं जिन्हें हाल ही में उनके अन्य क्रिकेट साथियों के साथ चेशायर होम से बाहर निकाल दिया गया था। इसके बावजूद कप्तान ने हौसला नहीं छोड़ा और टीम को बेहतरीन नेतृत्व दिया।
माधव राव सिधिंया की याद में यह टूर्नामेंट ग्वालियर में आयोजित कराया गया। चंडीगढ़ ने टूर्नामेंट की शुरुआत शानदार तरीके से की और लीग स्टेज में खेले गए 6 मुकाबले लगातार जीते। हालांकि फाइनल में चंडीगढ़ को मध्य प्रदेश के हाथों 59 रनों से मात मिली।
चंडीगढ़ टीम के संदीप कुंडू को टूर्नामेंट में बेस्ट बल्लेबाज के साथ मैन ऑफ द सीरीज का खिताब भी हासिल हुआ। उन्होंने शानदार ऑलराउंड प्रदर्शन करते हुए पहली 6 पारियों में 351 रन बना डाले। वहीं गेंदबाजी में 5 विकेट भी हासिल किए।
संदीप कुडू ने एक पारी में मात्र 53 गेंदों पर शतक जमाते हुए तेजतर्रार 156 रनों की पारी खेल डाली। यह पारी ट- 10 व्हीलचेयर क्रिकेट के इतिहास का सबसे बड़ा स्कोर रहा।
टी-10 नेशनल व्हीलचेयर क्रिकेट चैंपियनशिप का आयोजन मध्य प्रदेश व्हीलचेयर क्रिकेट एसोसिएशन की ओर से कराया गया। इसमें राजस्थान, मध्य प्रदेश,ओडिशा और चंडीगढ़ की टीमों ने शिरकत की।