जनवरी के पांच दिन बीत गए, लेकिन कोहरे और ठंड का नामो-निशान नहीं है। कई दिन से कड़क धूप निकल रही है। वीरवार को भी दिन का तापमान 24 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो नार्मल से तीन डिग्री ज्यादा था।
इस बीच मौसम विभाग की ओर से दावा किया गया है कि शुक्रवार को चंडीगढ़ सहित हरियाणा व पंजाब के मौसम में जबरदस्त बदलाव आएगा। उत्तरी पाकिस्तान की ओर से नया पश्चिमी विक्षोभ एक्टिव हुआ है, जो जम्मू कश्मीर की ओर आगे बढ़ रहा है। इसका असर चंडीगढ़ में भी देखने को मिल सकता है। चंडीगढ़ में शुक्रवार को पूरे दिन बादल छाए रहेंगे। बारिश भी हो सकती है।
बारिश का दौर शनिवार को भी जारी रह सकता है। इस दिन भी बारिश और पूरे दिन बादल छाने के आसार हैं। पहाड़ों में बर्फबारी और मैदानी इलाकों में बारिश से चंडीगढ़ समेत पूरे उत्तर भारत में तापमान नीचे आएगा। माना जा रहा है कि इससे कड़ाके वाली ठंड आ सकती है। मौसम विभाग ने बताया है कि अगले दो दिन में अधिकतम तापमान में करीब सात डिग्री की गिरावट दर्ज की जा सकती है। यह भी बताया गया है कि हरियाणा व पंजाब के कुछ इलाकों में अगले 24 घंटे के भीतर भारी बारिश हो सकती है।