चंडीगढ़वासियों के सर्दी के लिए तैयार होने का वक्त आ गया है। मौसम में काफी ठंडक घुल गई है और दिन के तापमान में धीरे-धीरे गिरावट शुरू हो गई है। दस दिन में दिन के तापमान में तीन डिग्री और रात के तापमान में पांच डिग्री की गिरावट दर्ज की गई है। सोमवार को अधिकतम तापमान 29.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से एक डिग्री कम था। जबकि रात का तापमान 15.4 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया, जो सामान्य से ज्यादा है।
शहर के पेरीफेरी और एयरपोर्ट इलाके में तापमान में और भी कम दर्ज किया गया है। बाहरी इलाकों में अधिकतम तापमान 27.9 दर्ज किया गया जो सामान्य से तीन डिग्री कम था, जबकि न्यूनतम तापमान 14.9 डिग्री सेल्सियस नोट हुआ। मौसम विभाग ने संभावना जताई है कि अगले दो से तीन दिन में दिन के तापमान में एक डिग्री की और गिरावट आ सकती है। जम्मू-कश्मीर के पास एक पश्चिमी विक्षोभ भी एक्टिव हो रहा है, जो मौसम में परिवर्तन लाने में भी सहायक साबित हो सकता है।
यदि विक्षोभ ज्यादा एक्टिव हुआ तो तापमान में और ज्यादा गिरावट आएगी। मौसम विभाग की ओर से बताया गया है कि अगले दो से तीन दिन हल्की धुंध छाई रह सकती है।
दिन के तापमान गिरने से कम होगा डेंगू
दिन के तापमान पर ही सभी की निगाहे हैं। दरअसल पूरे ट्राइसिटी में डेंगू का जबरदस्त कहर है। रोजाना 20-25 डेंगू के नए केस दर्ज किए जा रहे हैं। नवंबर से शुरू होने को है, मगर डेंगू मच्छरों पर कोई असर नहीं पड़ रहा। एंटी मलेरिया अधिकारी डा. गौरव अग्रवाल ने बताया कि अधिकतम अधिक होने के कारण डेंगू मच्छर सरवाइव कर रहे हैं। जब तक अधिकतम तापमान 22-23 डिग्री तक नहीं आता, तब तक डेंगू का कहर जारी रहेगा। इसलिए तापमान में गिरावट जरूरी है।
नौ दिन में कब कितना रहा तापमान
दिनांक अधिकतम न्यूनतम तापमान
30 अक्तूबर 29.2 15.4
29 29.3 16.2
28 29.6 13.9
27 30.6 16.2
26 30.8 16.4
20 31.2 18.2
कोट
एक नवंबर के बाद तापमान में थोड़ी नरमी देखने को मिल सकती है। पिछले दो दिन में तो तापमान नीचे आया है। जल्द ही इसमें और गिरावट आ सकती है।
- सुरेंद्र पाल, निर्देशक चंडीगढ़ मौसम केंद्र