सिटी में वीकेंड से लेकर 14 जुलाई तक रंगमंच, कला एवं एग्जीबिशन का आयोजन किया जा रहा है। बॉलीवुड के मशहूर अभिनेता परेश रावल भी शहर में होंगे। वे यहां एक नाटक की प्रस्तुति देनें आ रहे हैं। अभिनेता दूसरी बार सिटी के दर्शकों के लिए नाटक का मंचन करेंगे। सिटी में साहित्य एवं रचनाओं के शौकीन लोगों के लिए चंडीगढ़ साहित्य अकादमी की ओर से मशहूर पंजाबी लेखक व नॉवलिस्ट नछतर से रूबरू कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा।
यह कार्यक्रम सात जुलाई को यूटी गेस्ट हाउस सेक्टर-6 में सुबह 10.30 बजे से होगा। लेखक नेशनल साहित्य अकादमी अवार्ड 2017 से सम्मानित हैं। नार्थ जोन कल्चरल सेंटर पटियाला की ओर से 12 से लेकर 14 जुलाई तक युवा संगीत महोत्सव का आयोजन किया जाएगा। यह कार्यक्रम टैगोर थियेटर सेक्टर-18 में शाम 6.30 बजे होगा।
‘वीर दी वीरा’ एग्जीबिशन का आगाज होगा 7 जुलाई से : शहर में दो दिवसीय वेडिंग व लाइफस्टाइल एग्जीबिशन ‘वीर दी वीरा’ का आगाज 7 जुलाई व 8 जुलाई को हयात रिजेंसी में किया जाएगा। इसमें फैशन डिजाइनर्स वेडिंग कलेक्शन को डिस्पले करेंगी।
चंडीगढ़ ललित कला अकादमी की ओर से ट्राइसिटी की आर्ट टीचर्स की ओर से पहली बार आर्ट एग्जीबिशन आयोजित की जाएगी। यह एग्जीबिशन 10 जुलाई को शुरू होगी। इसका उद्घाटन होम सेक्रेटरी यूटी अरूण कुमार गुप्ता की ओर से शाम 5.15 बजे किया जाएगा। यह एग्जीबिशन 14 जुलाई तक चलेगी।