चंडीगढ़। किसानों के समर्थन में भारत बंद पर चंडीगढ़ प्रशासन ने कहा है कि किसी संस्था या गुट ने मंगलवार को जबरन दुकानें बंद करवाईं तो उसके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। इस बारे में शहर की मार्केट में पुलिस ने माइक के जरिए दुकानदारों से कहा है कि कोई जबरदस्ती करता है तो उसकी सूचना पुलिस को दें। स्वेच्छा से कोई दुकान बंद करना चाहता है तो उसके लिए कोई मनाही नहीं है। भारत बंद के आह्वान पर केंद्र सरकार की ओर से यूटी सहित सभी राज्यों को दिशा-निर्देश जारी किए हैं।
प्रशासक के सलाहकार मनोज परिदा ने कहा कि शहर में सभी दफ्तर और स्कूल खुलेंगे। पुलिस को कानून व्यवस्था बनाए रखने के निर्देश दिए गए हैं। कोरोना वायरस के दिशा-निर्देशों की अवहेलना न हो, इसका पूरा ध्यान रखा जाएगा। उधर, सीटीयू ने भारत बंद के आह्वान के चलते हरियाणा में बस सेवा बंद रखने का फैसला लिया है। पंजाब के लिए बसें चलेंगी, लेकिन अगर कहीं विरोध-प्रदर्शन होगा तो वहां के लिए बस सेवा रद्द कर दी जाएगी। इसके अलावा शहर और ट्राइसिटी में बस सेवा पहले की तरह ही जारी रहेगी।
कांग्रेस और शिअद का समर्थन
किसानों के समर्थन में कांग्रेस खड़ी है। पार्टी हल्लोमाजरा चौक पर विरोध जताएगी। इस संबंध में कांग्रेस भवन में प्रदेश अध्यक्ष प्रदीप छाबड़ा की अध्यक्षता में बैठक हुई। कांग्रेस के कई पदाधिकारियों ने मार्केट में जाकर व्यापारियों से भारत बंद के पक्ष में दुकानें बंद करने को कहा। शिअद चंडीगढ़ इकाई के प्रधान हरदीप सिंह ने भारत बंद को समर्थन करते हुए सभी वार्ड प्रधानों के साथ बैठक की। उन्होंने सभी से गांवों की दुकानें बंद रखने की अपील की है। चंडीगढ़ समूह गुरुद्वारा प्रबंधक संगठन ने किसानों के समर्थन में गांवों में बंद की अपील की। संगठन के चेयरमैन जत्थेदार तारा सिंह ने बताया कि सभी गांव में संगठन से जुड़ी संगत बंद कराने की अपील कर रही है।
सेक्टर 40 और 17 में प्रदर्शन
फेडरेशन ऑफ सोशल वेलफेयर एसोसिएशन की ओर से सेक्टर 40 में एक रैली निकाली जाएगी। फेडरेशन ऑफ यूटी इंपलाइज एंड वर्कर्स के बैनर तले सेक्टर 17 ब्रिज मार्केट में एक रैली का आयोजन होगा। इसमें चंडीगढ़ प्रशासन और नगर निगम के विभिन्न विभागों के यूनियनों के पदाधिकारी और सदस्य शामिल होंगे।
कम्युनिस्ट पार्टी(एम एल) रेड स्टार का भी समर्थन
सीपीआई (एमएल) रेड स्टार का भी समर्थन मिल रहा है। प्रेस क्लब में सोमवार को प्रेस वार्ता के दौरान कम्युनिस्ट पार्टी ऑफ इंडिया (एम एल) रेड स्टार के सचिव कामरेड लश्कर सिंह ने कहा कि उनकी पार्टी की ओर से कल भारत बंद पर किसानों को समर्थन दिया जा रहा है। साथ ही उन्होंने सरकार से मांग की है कि इन तीनों कृषि बिलों को तुरंत प्रभाव से निरस्त किया जाए।
भारत बंद के समर्थन में आढ़ती निकालेंगे रैली
भारत बंद के समर्थन में मंगलवार को सेक्टर-26 मंडी के सब्जी के आढ़ती 26 ग्रेन मार्केट चौक से इंडस्ट्रियल एरिया लाइट प्वाइंट तक रैली निकालेंगे। अरिहन्त वेजिटेबल मार्केट एसोसिएशन के जनरल सेक्रेटरी कस्तूरी लाल शर्मा ने बताया कि आढ़ती पूरा कर (टैक्स) भरते हैं। हजारों लोगों को रोजगार उपलब्ध कराते हैं, इसके बावजूद सरकार आढ़तियों को मोहरा बनाकर कृषि कानून पास कर रही है। यह बिल्कुल गलत है। व्यापारी परमजीत सिंह ने बताया कि किसानों के समर्थन में वे अपनी दुकानें बंद रखेंगे।
एनएसयूआई ने किया जागरूक
किसानों के समर्थन में आठ दिसंबर को किए जा रहे भारत बंद को लेकर एनएसयूआई के पदाधिकारियों ने ट्राइसिटी के लोगों को जागरूक किया। कहा कि वह किसानों के समर्थन में आएं और शांतिपूर्ण प्रदर्शन करें। उन्होंने कई जगहों पर जाकर युवाओं से भी अपील की। अपील करने वालों में मनोज लुबाना, परगट बराड़, सिया मिनोचा, रोबी, राहुल, सर्वोत्तम राणा, राजकरण शामिल रहे।
1500 पुलिस जवान तैनात, 112 पर करें कॉल
भारत बंद के दौरान सुरक्षा के लिहाज से लगभग 1500 पुलिसकर्मियों को अलग-अलग क्षेत्र में तैनात किया गया है। एसपी कानून व्यवस्था ने बताया कि भारत बंद का समर्थन न करने वालों को कोई जबरन दुकान बंद करने के लिए मजबूर नहीं कर सकता है। जबरन किसी दुकान को बंद कराए तो तत्काल 112 पर कॉल कर सूचना दें। सभी थाना प्रभारियों को अपने-अपने क्षेत्र में लगातार निरीक्षण करने के लिए कहा गया है। डीएसपी व थाना प्रभारी क्षेत्र में मुआयना कर एसएसपी कुलदीप सिंह चहल को जानकारी देंगे। एसपी ने बताया कि किसान शहर में जिन स्थानों से प्रवेश करेंगे, वहां बैरिकेडिंग के साथ फोर्स तैनात किया गया है। वहीं अलग-अलग क्षेत्रों में रैलियों पर भी नजर रखी जा रही है।