अगले 48 घंटों में मौसम में थोड़ा बदलाव आ सकता है। मौसम विभाग के मुताबिक पूरे उत्तर भारत में वेस्टर्न डिस्टरबेंस एक्टिव हो रहा है। इससे मौसम में परिवर्तन आ सकता है। शनिवार को देर रात से बादल छा सकते हैं।
हल्की बारिश की भी संभावना है। रविवार को भी बादल छाने और बारिश होने के आसार हैं। इससे दिन और रात के तापमान में गिरावट दर्ज की जा सकती है। करीब दो से तीन डिग्री तापमान नीचे आ सकता है।
पिछले तीन दिन से चंडीगढ़ का अधिकतम तापमान सामान्य से ज्यादा चल रहा है। शुक्रवार को अधिकतम तापमान 23.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। जो सामान्य से दो डिग्री अधिक था।
इसी तरह रात का तापमान 7.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। जो नॉर्मल से एक डिग्री अधिक था। हालांकि रात के तापमान में कुछ बढ़ोतरी दर्ज की जाएगी। करीब दस डिग्री तक तापमान जा सकता है।
पंजाब में हो सकती है ओलावृष्टि
वेस्टर्न डिस्टरबेंस से हरियाणा व पंजाब के मौसम में परिवर्तन देखने को मिलेगा। पंजाब में बारिश के साथ कुछ इलाकों में ओलावृष्टि हो सकती है। बारिश की भी संभावना है। छह व सात फरवरी को हरियाणा में भी बारिश की संभावना है।