दिनांक - 16 जून, रिपोर्टर - रिशु राज सिंह (फोटो सहित)
यूटी प्रशासन ने पीएम-एफएमई योजना के तहत मांगे आवेदन
- डीसी मनदीप सिंह बराड़ ने की बैठक, अब तक 9 लोगों ने किया आवेदन
माई सिटी रिपोर्टर
चंडीगढ़। डीसी मनदीप सिंह बराड़ की अध्यक्षता में बुधवार को प्रधानमंत्री फॉर्मलाइजेशन ऑफ माइक्रो फूड प्रोसेसिंग एंटरप्राइजेज (पीएम-एफएमई) योजना को लेकर एक बैठक की गई। इसमें जिला स्तर समिति के सभी सदस्यों को बुलाया गया। इस बैठक में उन आवेदनों पर फैसला लिया गया, जिन्होंने इस योजना के तहत लोन के लिए आवेदन किया है।
बैठक में डीसी को बताया गया कि इस योजना के तहत 9 आवेदन आए हैं, जिसमें से कमेटी ने पांच आवेदनों को लोन के लिए आगे भेजा है, जबकि चार को उनकी कमियों को पूरा करने के बाद दोबारा आवेदन करने के लिए कहा गया है। डीसी ने सभी सदस्यों को निर्देश दिए कि वह इस योजना को लेकर शहर में जागरूकता फैलाएं और लोगों को इसके लाभ के बारे में बताएं। उन्होंने उद्योग विभाग के निदेशक को आदेश दिए कि वह इस संबंध में एक हेल्पडेस्क की भी शुरुआत करें, ताकि ज्यादा लोग इस योजना का लाभ ले सकें। केंद्रीय खाद्य प्रसंस्करण उद्योग मंत्रालय ने पीएम-एफएमई योजना शुरू की है। योजना का उद्देश्य मौजूदा सूक्ष्म खाद्य प्रसंस्करण उद्यमों के उन्नयन के लिए वित्तीय तकनीकी व व्यवसायी सहायता प्रदान करनाम और सूक्ष्म खाद्य प्रसंस्करण इकाइयों के क्षमता निर्माण और अनुसंधान पर विशेष ध्यान केंद्रित करना हैं। योजना को वर्ष 2020-21 से वर्ष 2024-25 तक पांच वर्षों के लिए लागू किया जाएगा। डीसी मनदीप सिंह बराड़ ने बताया कि अभी भी शहरवासी इस योजना के लिए आवेदन कर सकते हैं। इसके लिए वह इंडस्ट्रियल एरिया फेस-2 के प्लॉट नंबर-39 में डिस्ट्रिक्ट इंडस्ट्रीज सेंटर में संपर्क कर सकते हैं। अधिक जानकारी के लिए वेबसाइट पर भी जा सकते हैं।