सिटी ब्यूटीफुल से पिंक सिटी जयपुर के लिए वॉल्वो बस सेवा शनिवार से शुरू हो गई है। ये सेवा हरियाणा रोडवेज ने शुरू की। खास बात है कि इसका किराया रोजाना जयपुर जाने वाली इंटरसिटी एक्सप्रेस से कम होगा।
यह बस आईएसबीटी, सेक्टर-17 से रोजाना सुबह 7.40 बजे रवाना होगी और रात 8.20 बजे जयपुर पहुंचेगी। जयपुर से सुबह 8.20 बजे चलकर यह रात 8.50 बजे चंडीगढ़ पहुंचेगी। इसका किराया 820 रुपये तय किया गया है जबकि चंडीगढ़-जयपुर इंटरसिटी एक्सप्रेस ट्रेन का थर्ड एसी का किराया इससे ज्यादा है।
इस ट्रेन का किराया 890 रुपये है। हालांकि चंडीगढ़ से एक और ट्रेन गरीबरथ एक्सप्रेस जयपुर जाती है जिसका थर्ड एसी का किराया 670 रुपये है, लेकिन यह सप्ताह में तीन दिन ही चलती है।
यह बस चंडीगढ़ से रोहतक, चरखी दादरी, महेंद्रगढ़, नारनौल होते हुए जयपुर जाएगी। बस में पानी और मैगजीन की व्यवस्था भी है। अभी तक चंडीगढ़ से जयुपर के लिए केवल ऑर्डनरी बसें ही चलती हैं।
सालासर, खाटूश्याम के लिए भी चलेंगी वॉल्वो
हरियाणा रोडवेज जयपुर रूट पर और वॉल्वो भी चलाएगा। इसके अलावा सालासर और खाटूश्याम के लिए भी वॉल्वो चलाने का प्रस्ताव तैयार किया गया है। यदि इन रूट्स पर बसें चलती हैं तो इससे यात्रियों को काफी लाभ होगा। चंडीगढ़ से काफी श्रद्धालु यहां जाते हैं।