मंगलवार को शहर की रात शिमला से ज्यादा ठंडी हो गई। इस कारण रात में ठिठुरन बढ़ गई। चंडीगढ़ का न्यूनतम तापमान जहां 8.2 रिकार्ड किया गया है। वहीं, शिमला की रात 11.5 डिग्री रिकार्ड की गई है। चंडीगढ़ की रात शिमला से 3.3 डिग्री ठंडी रही है।
चंडीगढ़ मौसम विभाग के निदेशक सुरेंद्र पाल ने बताया कि इस बार वेस्टर्न डिस्टरबेंस का असर सबसे अधिक चंडीगढ़ में हैं। इस कारण मौसम में यह बदलाव लगातार हो रहा है। 22 दिसंबर से आसमान में बादल छाएंगे। 25 दिसंबर के बाद हल्की बारिश की संभावना भी बनी हुई है। बारिश के बाद दिन और रात में ठंड बढ़ जाएगी। वहीं धुंध भी दिन और रात पडे़गी।
मंगलवार को शहर का अधिकतम तापमान 23.8 और न्यूनतम 8.2 डिग्री रिकार्ड किया गया। दिन में धूप खिली होने के बाद शहर के पर्यटन स्थल सुखना लेक, रोज गार्डन, रॉक गार्डन सहित अन्य जगहों पर लोग घूमने निकले। सुखना लेक पर जहां लोगाें ने बोटिंग की। वहीं, शहर के अन्य पर्यटन स्थलों पर लोग सेल्फी खींचते नजर आए।
चंडीगढ़ मौसम विभाग के निदेशक ने बताया कि इस बार क्रिसमस पर चंडीगढ़ शिमला से अधिक ठंडा होने की संभावना है। चंडीगढ़ की रातें अभी शिमला से अधिक ठंड है। पहाड़ों पर अगर बर्फबारी होगी तो उसका असर चंडीगढ़ में पूरी तरह रहेगा। यहां पर ठंड बढ़ने के पूरे आसार हैं। वहीं, धुंध के कारण ट्रेनों और फ्लाइटों का संचालन भी बुरी तरह से प्रभावित रहेगा। उन्होंने बताया कि चंडीगढ़, पंजाब और हरियाणा में भी ठंडक बनी रहेगी। वहीं, मौसम में बारिश के आसार 25 दिसंबर के बाद बने हुए हैं।