चंडीगढ़। शतकवीर अमृत लुबाना और भागमेंदर लादेर की 115 रनों की साझेदारी की बदौलत चंडीगढ ने मेजबान नागालैंड के खिलाफ दीमापुर में शनिवार को खेले जा रहे़ कर्नल सीके नायडू ट्रॉफी मैच में अपनी मजबूत पकड़ बना ली है। चंडीगढ़ ने संकट से उबर कर अपनी पहली पारी में 296 रन जुटाए। इसके बाद दिन का खेल खत्म होने तक मेजबान टीम 4 विकेट के नुकसान पर 30 रनों पर जूझती नजर आई।
इससे पहले चंडीगढ़ ने अमृत लुबाना के 101 रन और भागमेंदर लादेर के 62 रनों की मदद से 296 रन जुटाए। इसमें संचित साहू और हर्षित सिंह ने 26-26 रनों का योगदान दिया, जबकि आयुष गौतम ने कुल योग में अपने 25 रन जोड़े। विपक्ष की ओर से अकावी ने 44 रन देकर 4 विकेट चटकाए।
अपनी पहली पारी खेलने उतरी नागालैंड टीम की शुरुआत निराशाजनक रही, जब मनदीप सिंह ने शीर्ष क्रम के बल्लेबाजों - इमली (4), पूछू (5) और विवेक (0) को सस्ते में आउट कर दिया। निपुण पंडिता ने अकावी को शून्य पर आउट किया। निखिल गौतम के नाबाद 13 रनों की बदौलत मेजबान टीम दिन के अंत तक 4 विकेट के नुकसान पर 30 रन जुटा चुकी थी।