पंजाब कैडर की 2013 बैच की आईपीएस अधिकारी कंवरदीप कौर को चंडीगढ़ का नया एसएसपी नियुक्त किया गया है। पदभार संभालने से पहले उन्होंने कहा कि महिलाओं और बुजुर्गों की सुरक्षा पर वह खासतौर पर फोकस करेंगी। इनके लिए बनाए गए स्पेशल सेल का रिव्यू कर उसे और बेहतर बनाने का प्रयास करेंगी ताकि महिलाएं और बुजुर्ग बेफिक्र होकर शहर में कहीं भी आ-जा सकें।
कंवरदीप कौर ने कहा कि किसी भी शहर या प्रदेश की सुरक्षा की जिम्मेदारी मिलने पर तत्काल योजना बनाना कई बार सही साबित नहीं होता इसलिए बतौर एसएसपी पहले वह चंडीगढ़ में अपराध की मौजूदा स्थिति का आकलन और विश्लेषण करेंगी। फिर उसके परिणाम के आधार पर ही उस पर काबू की रणनीति तैयार करेंगी। कौर ने कहा कि हर जगह की आपराधिक स्थिति अलग होती है। ऐसे में एक स्थान से दूसरे स्थान पर जाने पर सबकुछ बदल जाता है। उनका कहना है कि बदलाव को समाहित करते हुए वह चंडीगढ़ को सुरक्षा की दृष्टि से और मजबूत करने का प्रयास करेंगी।
उन्होंने बताया कि उनके परिवार में कोई भी पुलिस बैकग्राउंड से नहीं है। छोटा भाई अभी स्कूल की पढ़ाई कर रहा है। कंवरदीप का कहना है कि कर्तव्य और देशभक्ति का जज्बा उनके परिवार के लिए बहुत मायने रखता है इसलिए उन्होंने पुलिस में आने का निर्णय लिया था। बता दें कि कंवरदीप कौर चंडीगढ़ की दूसरी महिला एसएसपी हैं। इससे पहले नीलांबरी विजय जगदाले (2008 बैच) चंडीगढ़ की एसएसपी रह चुकी हैं। जगदाले का कार्यकाल 2017 से 2020 के बीच रहा था। मोहाली निवासी कंवरदीप कौर इससे पहले कपूरथला और मलेरकोटला में एसएसपी के रूप में काम कर चुकी हैं। उनकी पढ़ाई चंडीगढ़ और मोहाली में हुई है। वह पंजाब इंजीनियरिंग कॉलेज (पेक) से स्नातक हैं। उनका नाम तीन आईपीएस अधिकारियों के पैनल से चुना गया है।